भक्तों की उदारता से ही मंदिर की सुदृढ़ हो रही व्यवस्थाएं : गोविंद प्रसाद सोडाणी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जन-जन की आस्था के केंद्र गाडरमाला रोड स्थित नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर में भीषण गर्मी के दौर के बीच भक्तों के लिए राहत की बड़ी खबर आई है। सेवा और समर्पण की राह पर चलते हुए मां भारती समूह की मातृ शक्ति द्वारा मंदिर प्रांगण में एक आधुनिक वॉटर कूलर स्थापित किया गया है। अब मंदिर आने वाले भक्तों को प्यास बुझाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें शुद्ध व शीतल पेयजल सुलभ होगा। इस वॉटर कूलर की विशेषता यह है कि यह पूरी तरह आधुनिक तकनीक और आरओ सिस्टम से लैस है। इसके माध्यम से ग्रीष्मकाल में भक्तों को शुद्ध ठंडा पानी उपलब्ध होगा, वहीं शीत ऋतु की आवश्यकताओं को देखते हुए इसमें हल्का गर्म पानी (गुनगुना पानी) प्रदान करने की सुविधा भी दी गई है। मां भारती समूह की महिलाओं ने इस प्रकल्प के माध्यम से यह संदेश दिया है कि नर सेवा ही वास्तव में नारायण सेवा है। कूलर के लोकार्पण के अवसर पर मंदिर प्रांगण में धर्म प्रेमी बंधु उपस्थित रहे। इस दौरान सांवलिया सेठ मंदिर की व्यवस्था देख रहे प्रबंधन की ओर से माँ भारती समूह की मातृ शक्ति का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने कहा कि भक्तों की उदारता से ही मंदिर की व्यवस्थाएं सुदृढ़ हो रही हैं और यह वॉटर कूलर आने वाले समय में हजारों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत बनेगा क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने इस पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। मंदिर में दर्शनार्थ आने वाले भक्तों का कहना है कि गाडरमाला रोड पर स्थित इस मंदिर में हर उत्सव पर भक्तों का तांता लगा रहता है, ऐसे में शुद्ध और ठंडे पानी की यह व्यवस्था एक सराहनीय कदम है।

Social Plugin