Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, कमल रेस्टोरेंट से तेल, मिर्च व हल्दी पाउडर के लिए नमूने, जारी किया नोटिस

 

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में लगातार निरीक्षण एवं सैम्पलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को चित्तौड़गढ़ रोड स्थित कमल रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टीम ने रेस्टोरेंट में उपयोग में लिए जा रहे खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान रेस्टोरेंट से खाद्य तेल, लाल मिर्च पाउडर एवं हल्दी पाउडर के नमूने लेकर विधिवत सील किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था समुचित नहीं पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव ने संचालक को स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था नहीं होने पर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले में मिलावटखोरी एवं अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं निर्माण/समाप्ति तिथि की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को कार्यालय के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दी जा सकती है।