केसर बाई सोनी हॉस्पिटल परिसर में दिखा श्रद्धा, स्मृति और सेवा का संगम, रक्तदान शिविर मे 164 यूनिट रक्तदान सग्रंहित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। करुणा, त्याग और मानव सेवा की प्रतिमूर्ति रही श्रीमती केसर बाई सोनी की 36वीं पुण्यतिथि पर केसर बाई सोनी हॉस्पिटल परिसर श्रद्धा और संवेदना से सराबोर रहा। इस पावन अवसर पर संगम ग्रुप के संस्थापक रामपाल सोनी सहित परिवारजनों एवं गणमान्यजनों ने केसर बाई सोनी को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर रामपाल सोनी, अनुराग सोनी, डॉ. श्रीनिवास मोदानी, विनोद सोडाणी, प्रणल मोदानी, राधा देवी सोनी, ममता मोदानी, अर्चना सोडाणी, कृपी सोनी, पलक मोदानी एवं मिहिका सोडाणी ने पुष्प अर्पित कर उनके सेवा/संस्कारों को स्मरण किया। पुण्यतिथि के अवसर पर मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। हॉस्पिटल के सीईओ श्याम बिड़ला ने बताया कि बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर पुण्यात्मा को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संगम ग्रुप के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राजकुमार जैन ने जानकारी दी कि संगम ग्रुप द्वारा आयोजित इस सेवा शिविर में कुल 164 यूनिट रक्तदान किया गया। इसमें संगम बिलिया प्लांट में 104 यूनिट (स्पिनिंग यूनिट 1 से 50, डेनिम से 40, सोनियाणा से 14) संगम यूनिवर्सिटी में 50 यूनिट तथा सोनी हॉस्पिटल में 10 यूनिट रक्तदान हुआ। यह आयोजन स्वर्गीय केसर बाई सोनी के सेवा भाव को जीवंत रखने का प्रेरणास्रोत बना। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु मैनेजमेंट द्वारा अरिहंत ब्लड बैंक एवं रामस्नेही ब्लड बैंक के सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। पुण्यतिथि का यह आयोजन श्रद्धा, स्मृति और मानव सेवा का जीवंत उदाहरण बन गया। रक्तदाताओं में संगम फार्म, डेयरी, संगम स्कूल आदि का भी सहयोग रहा।


Social Plugin