भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। सामाजिक सरोकार की दिशा में निरंतर अग्रसर 'मंसूरी ब्रदर्स' द्वारा 12वां निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन गुल अली बाबा के आस्ताने पर अत्यंत सादगी और हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में 14 मुस्लिम जोड़ों का निकाह मुकम्मल कराया गया। हाजी इमामुद्दीन मंसूरी ने बताया कि सम्मेलन का आयोजन नगर परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अब्दुल सलाम मंसूरी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे हुई, जहाँ मस्जिद के इमामों ने सभी जोड़ों का निकाह पढ़ाया। आयोजनकर्ता हाजी मोहम्मद उमर मंसूरी ने समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए अब तक कुल 312 दूल्हा-दुल्हनों का निकाह संपन्न करवाया है। सम्मेलन के कनवीनर अब्दुल रशीद पठान ने बताया कि संस्था की ओर से प्रत्येक वधु को उपहार स्वरूप 15,000 रुपये नकद प्रदान किए गए। विदाई के समय मंच पर दूल्हा और दुल्हन के पिताओं का साफा बंधवाकर उन्हें सम्मान के साथ रुखसती दी गई। इस अवसर पर हाजी अहमद चांदेंड, शकील गौरी, हाजी अहमद गौरी, हाजी आरिफ मंसूरी, शौकत मंसूरी, समीर निर्बान, अली मंसूरी सहित मुस्लिम समाज के कई गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। सोहराब मंसूरी ने बताया कि मंसूरी ब्रदर्स द्वारा अगला 13वां निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन 24 मई 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा। जो परिवार इसमें सम्मिलित होना चाहते हैं, वे संपर्क कर सकते हैं।

Social Plugin