Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

योगी को पीएम चेहरा बनाने पर ही भाजपा को समर्थन, नहीं तो नोटा का विकल्प: ओकेन्द्र सिंह राणा


क्षत्रीय करणी सेना के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष राणा पहुचें एक दिवसिय दौरे पर भीलवाड़ा, राणा सांगा प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता मे की शिरकत

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
पार्टी को बनाने वाले, हर-हर मोदी और घर-घर मोदी का नारा देने वाले भी हम ही हैं और इसे वापस घर भेजने का काम भी हम ही करेंगे। अगले साल उत्तरप्रदेश में चुनाव है। भाजपा सरकार को पता लग जाएगा। योगी धर्म और सनातन समाज के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन उनको तोड़ने और घर बैठाने के लिए अमित शाह और नरेंद्र मोदी ने इस प्रकार की चाल चल रखी है, जो नाकाम होगी। आएंगे तो योगी ही, मोदी नहीं आएंगे। देश का प्रधानमंत्री भी योगी बनें, हम तो यह देखना चाहते हैं। यह बात राजपूत समाज की राणा सांगा प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि आए क्षत्रीय करणी सेना के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र सिंह राणा ने पत्रकारों से चर्चा में कही। राणा ने कहा कि आगामी चुनावों में यदि योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री पद के लिए आगे लाया जाता है, तभी क्षत्रिय समाज भाजपा को समर्थन देगा, अन्यथा समाज नोटा का उपयोग करेगा। ओकेन्द्र सिंह राणा एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने करणी सेना द्वारा आयोजित राणा सांगा प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिता में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं और समाजजनों ने जोरदार स्वागत किया। प्रेस वार्ता में राणा ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखे आरोप लगाए और भविष्य की राजनीति को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। यूजीसी कानून को लेकर राणा ने कहा कि यह व्यवस्था समाज में दूरी बढ़ाने वाली है। पहले एकता की बात होती थी, लेकिन अब समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज और क्षत्रिय समाज के बीच लंबे समय से भाईचारा रहा है और कठिन समय में दोनों ने एक-दूसरे का साथ दिया है। नए कानूनों के जरिए समाजों के बीच अविश्वास पैदा करना उचित नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि कठोर प्रावधानों के दुरुपयोग से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है। शंकराचार्य से जुड़े सवाल पर राणा ने कहा कि सनातन परंपरा में गुरुजनों, संतों और विद्वानों का सम्मान सर्वाेपरि है। किसी भी संत के साथ अनुचित व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अलग-अलग समाज अपनी बात रखने के लिए बैठक कर सकते हैं, यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है, इसे जातिवाद से जोड़ना गलत है। कांग्रेस के समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर राणा ने साफ कहा कि उनका समाज कांग्रेस के साथ नहीं जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान क्षत्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय कार्य समिति अध्यक्ष विश्वबंधु सिंह राठौड़ व क्षत्रीय करणी सेना के जिलाध्यक्ष नरेंद्रसिंह सहित संगठन के कई युवा मौजूद थे। प्रतियोगिता की आयोजन समिति के अध्यक्ष विश्वबंधु सिंह ने सभी का स्वागत किया।