Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

पत्थरों में महाकाल, शिल्प में फूल मालिन...कालिदास के ‘मेघदूतम्’ को कपिल खन्ना ने मूर्तियों में किया साकार

 

 

68वें कालिदास समारोह की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में भीलवाड़ा के वरिष्ठ मूर्तिकार की दो कलाकृतियों का चयन, 27 नवंबर तक उज्जैन में होगा प्रदर्शन

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। महाकवि कालिदास की कालजयी रचना ‘मेघदूतम्’ के काव्य प्रसंग अब भीलवाड़ा के वरिष्ठ मूर्तिकार कपिल खन्ना की कलाकृतियों के माध्यम से जीवंत होंगे। 68वें कालिदास समारोह के तहत उज्जैन में आयोजित राष्ट्रीय चित्रकला एवं मूर्तिकला प्रदर्शनी के लिए उनकी दो विशिष्ट मूर्तिकृतियों का चयन किया गया है। दोनों कलाकृतियां ‘मेघदूतम्’ से प्रेरित हैं और साहित्य, आध्यात्मिकता तथा शिल्पकला का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करती हैं। कपिल खन्ना की पहली कृति पत्थर पर निर्मित है, जिसमें ‘पूर्वमेघ’ के महाकाल आरती प्रसंग को उकेरा गया है। इसमें यक्ष द्वारा मेघ को उज्जयिनी स्थित महाकाल मंदिर की आरती का आनंद लेने का संदेश देने वाले प्रसंग को कलात्मक रूप दिया गया है। दूसरी कृति मिक्समीडिया माध्यम में तैयार की गई है, जिसमें महाकाल मंदिर परिसर की फूलमालिन के सौंदर्य, नारी संवेदना और लोकजीवन की सहजता को अभिव्यक्त किया गया है। दोनों कलाकृतियों के माध्यम से कलाकार ने कालिदास के काव्य में निहित भावों को दृश्य और शिल्प रूप देने का प्रयास किया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में इनका चयन भीलवाड़ा के कला जगत के लिए गौरव की उपलब्धि है। उल्लेखनीय है कि महाकवि कालिदास की रचनाएँ भारतीय साहित्य, संस्कृति और कला जगत के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रही हैं। कपिल खन्ना ने अपनी इन दोनों कलाकृतियों के माध्यम से साहित्य और दृश्य कला के बीच एक सृजनात्मक संवाद स्थापित किया है। उनकी कृतियों में काव्य के भावों को मूर्त रूप देने के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। आकृति कला संस्थान भीलवाड़ा के सचिव कैलाश पलिया ने बताया कि संस्थान के वरिष्ठ कलाकार कपिल खन्ना की यह उपलब्धि उनकी निरंतर कला साधना, मौलिक चिंतन और उत्कृष्ट शिल्प कौशल का परिणाम है। चयनित दोनों कलाकृतियां उज्जैन स्थित कालिदास अकादमी में 27 नवंबर तक प्रदर्शित की जाएंगी।  
Uploaded Image