Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

100 फीट सड़क का विधायक कोठारी ने लिया जायजा, पांडु नाले पर बनेगी पुलिया

  

पुलिस लाइन से जोधड़ास तक सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, अधिकारियों से कहा- बाधाएं दूर कर तय समय में पूरा करें काम

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली पुलिस लाइन से जोधड़ास तक प्रस्तावित 100 फीट सड़क परियोजना को लेकर विधायक अशोक कुमार कोठारी एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने यूआईटी और अजमेर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का जायजा लिया और काम में आ रही बाधाओं को दूर कर परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने पुलिस लाइन के समीप निर्माणाधीन नाले, दीवार और सड़क निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की जांच करते हुए अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। पांडु नाले पर पुलिया निर्माण की जरूरत को देखते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को इसके लिए तकनीकी एवं वित्तीय प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिया बनने से भविष्य में आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। कोठारी ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण के दौरान आने वाले अवरोधों का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान किया जाए। किसी भी विभागीय अड़चन के कारण परियोजना में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर का सुनियोजित विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। 100 फीट सड़क शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। निरीक्षण के दौरान यूआईटी के ओएसडी पुनीत गैलडा, एक्सईएन रामप्रसाद जाट, जेईएन रामेश्वर गुर्जर, एईएन गोपाल धाकड़, एईएन (विद्युत) कर्ण सिंह तथा एवीवीएनएल के एईएन नीरज शर्मा सहित अर्पित कोठारी, गजेन्द्र सिंह राठौड़, संजय राठी, केदार जागेटिया, राघव आचार्य, विकास शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि बादल सिंह, पार्षद राधेश्याम भड़ाना, अजय पाराशर एवं महेंद्र प्रजापत तथा संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Uploaded Image