माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में ग्रैंडपेरेंट्स डे पर विद्यार्थियों ने लोककला, संगीत व नृत्य से बांधा समां
आधुनिकता के दौर में अपनी संस्कृति और संस्कारों को सहेज कर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है: शांति लाल पानगडिया
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। मंच पर राजस्थानी रंग, पारंपरिक वेशभूषा और लोकधुनों की गूंज...सामने बैठे दादा-दादी और नाना-नानी की तालियों से बढ़ता बच्चों का उत्साह। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, आजाद नगर में ग्रैंडपेरेंट्स डे का आयोजन कुछ इसी रंगीन माहौल में हुआ। ‘हेरिटेज कारवां’ थीम पर विद्यार्थियों ने राजस्थान की गौरवशाली संस्कृति और विरासत को प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया। श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित विद्यालय में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि शुभ लक्ष्मी सिंटेक्स लिमिटेड के चेयरमैन शांति लाल पानगडिया रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी संस्कृति और संस्कारों को सहेजकर रखना सभी की जिम्मेदारी है। विशिष्ट अतिथि श्री महेश सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी ने कहा कि बच्चों में सांस्कृतिक कार्यक्रम उनके सर्वांगीण विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राजस्थान की संस्कृति के छह प्रमुख तत्वों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर साकार किया। लोक कला, संगीत, नृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और रीति-रिवाजों की आकर्षक झलक ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। रंग-बिरंगी राजस्थानी वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राजस्थान की लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अल्पा सिंह ने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और राजस्थान की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उपप्रधानाचार्य रुचि रस्तोगी ने कहा कि दादा-दादी एवं नाना-नानी की उपस्थिति ने समारोह को और विशेष बना दिया। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल प्राइमरी विंग की प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव भी कार्यक्रम में अंत तक उपस्थित रहीं और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर गौरी वर्मा ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में अशोक बाहेती (अध्यक्ष, भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा), केदारमल जागेटिया (अध्यक्ष, श्रीनगर माहेश्वरी सभा, भीलवाड़ा), श्री महेश सेवा समिति के सचिव राजेन्द्र कुमार कचौलिया, उपाध्यक्ष सत्यनारायण मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष राजेश बाहेती, संचालक सदस्य ओमप्रकाश मालू, सुरेशचन्द्र काबरा, दिनेश कुमार शारदा, निदेशक एवं प्रभारी दिलीप तोषनीवाल तथा निदेशक एवं प्रभारी चन्द्रप्रकाश काल्या सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। सरला बाहेती एवं सीमा शारदा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।




Social Plugin