Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

आई बैंक सोसायटी के नेत्रदान जागरूकता सेमिनार में समाज को दिया रोशनी का संदेश

 

 

भ्रांतियों को दूर कर नेत्रदान के लिए किया प्रेरित, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने लिया भाग

                 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) किसी जरूरतमंद की जिंदगी में रोशनी लाने के लिए नेत्रदान से बड़ा सामाजिक योगदान नहीं हो सकता। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में नेत्रदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, भीलवाड़ा चैप्टर की ओर से जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एवं सेवा संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नेत्रदान को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता जताई। चैप्टर अध्यक्ष राकेश पगारिया ने बताया कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य अधिकाधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करना रहा। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में कई लोग नेत्रदान की इच्छा होने के बावजूद इससे जुड़ी भ्रांतियों के कारण संकल्प नहीं ले पाते। ऐसे में समाज के विभिन्न वर्गों तक सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है। पगारिया ने कहा कि नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर जरूरतमंद दृष्टिहीन लोगों के जीवन में रोशनी लौटाई जा सकती है। कार्यक्रम में लायंस क्लब के प्रांतपाल डॉ. निशांत जैन, पीडीजी लायन दिलीप तोषनीवाल एवं भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।  अतिथियों ने कहा कि कॉर्नियल दृष्टिहीनता को समाप्त करने के लिए चिकित्सा क्षेत्र के साथ समाज की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। सामाजिक संस्थाएं अपने स्तर पर लोगों को प्रेरित करें तो नेत्रदान के संकल्प को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। सेमिनार में डॉ. प्रतिष्ठा छिपा एवं दीपक लढा ने नेत्रदान से संबंधित विभिन्न भ्रांतियों पर जानकारी दी और लोगों को मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नेत्रदान के महत्व और इससे जरूरतमंद लोगों को मिलने वाले लाभ के बारे में भी बताया। नेत्र सहायक चेतन भट्ट ने बताया कि कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख अतिथियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी संस्थाओं के माध्यम से नेत्रदान का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। साथ ही अधिकाधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने और संकल्प दिलाने के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही। मीडिया प्रभारी मनीष बंब ने बताया कि कार्यक्रम में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े मदन खटोड़, ललित सांखला, रीना पगारिया, अनिल गग्गड़, बालकिशन कालिया, कैलाश काबरा, एनके जैन, विजय सिसोदिया, राजकुमार खुशवानी, हरीश अग्रवाल, सुधा बुलिया, चांदमल सोमानी, ममता शर्मा, डॉ. ओपी छिपा, अंजना सिसोदिया, आरपी बल्दवा, नेत्र सहायक दिनेश बाथम, यशवंत, राहुल लालवानी, परमानंद सहित रामस्नेही चिकित्सालय के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में राकेश पगारिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 


Uploaded Image