सुजुकी एनक्लेव में योग शिविर के दूसरे दिन साधकों ने सीखी ध्यान की बारीकियां
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। आधुनिक जीवन-शैली के तनाव से मुक्ति और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य की सुदृढ़ता के लिए योग और ध्यान सबसे सशक्त माध्यम हैं। यह बात मुंगेर बिहार योग विद्यालय मुंगेर से प्रशिक्षित योगाचार्य उमाशंकर भाई ने सुजुकी इंक्लेव में आयोजित विशेष योग सत्र के दौरान कही। वे श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में आयोजित शिविर में उपस्थित योग साधकों को संबोधित कर रहे थे। योगाचार्य उमाशंकर ने मानव शरीर में ऊर्जा के सात प्रमुख केंद्रोंकृमूलाधार, स्वाधिष्ठान, मणिपुर, अनाहत, विशुद्धि, आज्ञा और सहस्रार चक्र का वैज्ञानिक विश्लेषण किया। उन्होंने बताया कि जब प्राणायाम और ध्यान के जरिए इन चक्रों को सक्रिय किया जाता है, तो शरीर में रुकी हुई ऊर्जा का प्रवाह होने लगता है, जिससे कई असाध्य बीमारियां स्वतः दूर हो जाती हैं। सत्र के दौरान साधकों को 25 मिनट का गहन ध्यान (मेडिटेशन) कराया गया, जिसमें मन के भीतर प्रकाश की कुंज किरणों को आत्मसात करने का अनूठा प्रयोग हुआ। शिविर में संस्था के प्रमुख कार्यकर्ताओं सहित शहर के प्रबुद्ध नागरिक अनिल काबरा, भेरूलाल अग्रवाल, कैलाश डाड, सुरेश काबरा, अंजू भंडारी, बबीता बांबूलिया सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित रहे। प्रन्यास की ओर से बताया गया कि इस शिविर की अगली कड़ी में रविवार सुबह ठीक 5.45 बजे सुजुकी इंक्लेव में एक और विशेष क्लास आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिकों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।


Social Plugin