Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भाविप नेताजी सुभाष शाखा के शिविर में बालिकाओं को आत्मरक्षा एवं आत्मनिर्भरता का दिया प्रशिक्षण


कल्किपुरा विद्यालय में तीन दिन बालिकाओं को सिखाए आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर, सम्मान समारोह के साथ हुआ समापन

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
वर्तमान समय की चुनौतियों और बदलते सामाजिक परिवेश को देखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं का आत्मनिर्भर और आत्मरक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भारत विकास परिषद, नेताजी सुभाष शाखा, भीलवाड़ा के तत्वावधान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्कीपुरा में तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। प्रतिदिन प्रातः 7.30 बजे से 8.30 बजे तक आयोजित इस शिविर के तीसरे एवं अंतिम दिन प्रशिक्षिका साक्षी सोनी ने लगभग 110 बालिकाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए। उन्होंने छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा देते हुए वर्तमान समय में आत्मरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को नासिका, सूर्य चक्र एवं जठर जैसे शरीर के संवेदनशील बिंदुओं पर प्रहार कर संकट की स्थिति से बाहर निकलने के प्रभावी तरीके सिखाए गए। साथ ही शरीर के मर्मस्थलों की जानकारी देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए विभिन्न तकनीकों का अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की प्रांतीय महिला प्रमुख शारदा चेचानी, शाखा महिला प्रमुख मधु लढा, महिला सहभागिता संयोजिका करुणा लोहिया, महिला जागरूकता प्रभारी सुनीता नराणीवाल, उषा सोमानी सहित परिषद की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। शिविर के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों का तिलक लगाकर तथा उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। प्रशिक्षिका साक्षी सोनी का भी उपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। अंत में सुनीता नराणीवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि बालिकाओं में आत्मविश्वास, साहस और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का विकास हो सके। कार्यक्रम सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक और उपयोगी साबित हुआ।  
 
Uploaded Image Uploaded Image