16 वर्ष पूरे होने पर पौधरोपण के साथ विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक
एक स्वस्थ, नशामुक्त और हरित समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है: चेतन कुमार पारीक
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। चमकता जीवन सेवा संस्थान नशामुक्ति पुनर्वास एवं उपचार केंद्र, पंचवटी कॉलोनी ने अपने 16 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए पौधरोपण एवं नशा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य हरित वातावरण के साथ-साथ युवाओं और विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। संस्थान के अध्यक्ष चेतन कुमार पारीक के नेतृत्व में आयोजित पौधरोपण अभियान के तहत 25 पौधे लगाए गए। इनमें नीम, बरगद, पीपल, आंवला, अशोक और गुलमोहर जैसे छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। अभियान में पंचवटी कॉलोनी के जागरूक नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। इसी अवसर पर गौतम पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए नशा जागरूकता लर्निंग एक्टिविटी आयोजित की गई। कार्यक्रम में बच्चों को अफीम, चरस, गांजा, भांग, डोडा और एमडी जैसे विभिन्न नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधि में भाग लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गौतम पब्लिक स्कूल के संचालक कमल किशोर व्यास, संस्थान के अध्यक्ष चेतन कुमार पारीक, स्पेशल योगा टीचर एवं ट्रेनर युवराज पारीक, काउंसलर शैलेंद्र व्यास, जिम ट्रेनर सतीश शर्मा, एडवोकेट जतिन दाधीच, विद्यालय का समस्त स्टाफ, संस्थान के सदस्य तथा पंचवटी कॉलोनी के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर अध्यक्ष चेतन कुमार पारीक ने कहा कि संस्था पिछले 16 वर्षों से नशा मुक्ति, पुनर्वास, उपचार एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ, नशामुक्त और हरित समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सतत पौधरोपण और पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।




Social Plugin