भीलवाड़ा की जनसमस्याओं पर राजस्थान जन मंच सक्रिय, मंत्री ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा शहर में बरसात के दौरान आमजन को हो रही परेशानियों और लंबे समय से लंबित नागरिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर राजस्थान जन मंच ने शुक्रवार को नगरीय विकास एवं आवासन (यूडीएच) मंत्री झाबर सिंह खर्रा को ज्ञापन सौंपा। मंच के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कैलाश सोनी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में शहर की जर्जर सड़कों, जानलेवा खड्डों, अंडरब्रिजों में जलभराव तथा बड़े नालों की टूटी हुई दीवारों की ओर मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया गया। ज्ञापन में बताया गया कि भीलवाड़ा शहर की मुख्य सड़कों, प्रमुख चौराहों और विभिन्न कॉलोनियों में बने गहरे खड्डे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। वहीं बारिश के दौरान अंडरब्रिजों में जलभराव होने से यातायात बाधित होता है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कई स्थानों पर बड़े नालों की दीवारें क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। राजस्थान जन मंच ने इन समस्याओं का स्थायी एवं त्वरित समाधान कराने की मांग करते हुए कहा कि जनहित को देखते हुए प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही करनी चाहिए। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने प्रतिनिधिमंडल को सभी जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके पश्चात राजस्थान जन मंच की ओर से मंत्री का प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा भेंट कर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान जन मंच के जिला पदाधिकारी शिवप्रकाश चन्नाल, जयनारायण जोशी, जगदीश सेन, रामचंद्र मुंदड़ा, सौरभ काबरा, अरविंद सेन, लादूलाल गुर्जर, सुभाष गोयल, गोपाल लढ़ा, चिंटू शर्मा सहित संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




Social Plugin