पूर्वांचल समाज की समस्याओं, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर हुई चर्चा, एएसपी ने शांति और भाईचारे को बताया प्राथमिकता
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। पूर्वांचल जन चेतना समिति की अध्यक्ष अर्चना दुबे के नेतृत्व में भीलवाड़ा आगमन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश आर्य का समिति की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें संस्था का दुपट्टा ओढ़ाकर, राजस्थानी साफा पहनाकर, गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर समिति के प्रतिनिधियों और एएसपी राजेश आर्य के बीच भीलवाड़ा में निवासरत पूर्वांचल समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। समिति अध्यक्ष अर्चना दुबे ने बताया कि भीलवाड़ा में पूर्वांचल के हजारों परिवार निवास करते हैं, जिनमें अधिकांश लोग वस्त्र उद्योग एवं टेक्सटाइल व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि समिति समाज के हितों, सुरक्षा, सामाजिक समरसता एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए सदैव प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करती रही है। अध्यक्ष दुबे ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि पूर्वांचल समाज के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग निरंतर मिलता रहे। इस पर एएसपी राजेश आर्य ने भरोसा दिलाया कि भीलवाड़ा में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बनाए रखना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय से ही एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आदर्श शहर का निर्माण संभव है। समिति के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर पूर्वांचल जन चेतना समिति द्वारा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी भी दी। बताया गया कि समिति सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान दे रही है। समिति की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली निःशुल्क भव्य कांवड़ यात्रा उसकी प्रमुख पहचान बन चुकी है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं। इसके अलावा समिति शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान शिविर तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे सेवा कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। स्वागत समारोह में समिति के सचिव जितेंद्र झा, मनोज जायसवाल, इलियास छीपा, सुनील वोहरा, इश्तियाक छीपा, कैलाश लाखारा, किशन सोनी, शैलेंद्र चौधरी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश एवं समाज की उन्नति तथा भीलवाड़ा में शांति, सद्भाव और भाईचारे की निरंतर स्थापना की कामना की।




Social Plugin