नशा नहीं, भविष्य चुनो थीम पर जागरूकता पोस्टर का विमोचन, विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) नशे के खिलाफ जनजागरण को नई गति देते हुए भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस (26 जून) के अवसर पर आरंभ सेवा संस्थान एवं चमकता जीवन सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा नहीं, भविष्य चुनो विषय पर विशेष जनजागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर विमोचन एडिशनल एसपी पारस जैन, भीलवाड़ा एडीएच डॉ. हरीतिमा शर्मा, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग निदेशक नूतन शर्मा, एमजी चिकित्सालय कार्यवाहक अधीक्षक डॉ वीरेंद्र शर्मा, एचओडी मनोरोग डॉ वीरभान चंचलानी, डॉ दिनेश बैरवा, आरंभ सेवा संस्थान के विशाल खण्डेलवाल, द्वारा किया गया। पोस्टर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, परिवार, स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करना है। पोस्टर में युवा जागो - नशे को ना कहो, मैं नशे से नहीं, अपने सपनों से हाई हूँ तथा एक सही निर्णय आपका भविष्य बदल सकता है जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया है। इस अवसर पर एडिशनल एसपी पारस जैन ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जागरूकता अभियान की समय समय पर आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रेरणादायक स्लोगन से युक्त ये पोस्टर युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। संस्थान प्रतिनिधियों ने बताया कि इन पोस्टरों को शहर के अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर लगाया जाएगा, ताकि नशा मुक्ति का संदेश अधिक से अधिक युवाओं तक पहुँच सके। इस दौरान आरंभ सेवा संस्थान की ओर से संस्था प्रधान विशाल खण्डेलवाल, युवराज पारीक, कुलदीप सिंह, समाजसेवक सीताराम खटीक, राकेश नायक सहित संस्थान का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।


Social Plugin