Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

सौ बालकों को पढ़ाना और एक वृक्ष को लगाना व उसे पालना समान पुण्य का कार्य है: महंत संत दास

रामधाम रोड पर गूंजा पर्यावरण चेतना का शंखनाद, रोपे विभिन्न किस्मों के पौधे

 

 

कपड़े के थैले अपनाओ, पॉलिथीन छोड़ो मुहिम की शुरुआत, आमजन को निःशुल्क बांटे थैले

 

 भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर वस्त्रनगरी भीलवाड़ा को हरा-भरा कल देने और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ शुक्रवार को रामधाम रोड पर वृहद् पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद (भाविप) स्वामी विवेकानन्द शाखा एवं श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रकृति उत्सव में सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के मूलमंत्र को चरितार्थ किया गया। वर्तमान में चल रहे बाल संस्कार एवं युवा चेतना जागृत शिविर के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में शिविर के उत्साही बालकों और युवाओं ने पूरी सक्रियता के साथ भागीदारी निभाई। प्रन्यास कोषाध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि प्रकृति के इस महापर्व का शुभारंभ प्रातः काल ठीक 8.05 बजे पर्यावरण संवर्धन के प्रणेता हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास के पुनीत सानिध्य में वैदिक पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान ट्री-गार्ड के साथ जामुन, नीम, शीशम और गुलमोहर सहित 10 फलदार छायादार पौधों का रोपण किया गया। पर्यावरण संयोजक राकेश तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों को आशीर्वाद देते हुए महंत संत दास ने कहा कि पूर्ण निष्ठा और लगन से लगाया गया पौधा निश्चित रूप से प्रतिफलित होता है। उन्होंने इस कार्य की महत्ता बताते हुए कहा कि समाज में सौ बालकों को पढ़ाना और एक वृक्ष को लगाना उसे पालना समान पुण्य का कार्य है। पुरुषोत्तम मास में किया गया यह पुनीत कार्य बेहद सराहनीय है। इस बार आयोजन में पर्यावरण को प्लास्टिक मुक्त बनाने के संकल्प के साथ एक विशेष मुहिम भी जोड़ी गई। कपड़े के थैले अपनाओ, पॉलिथीन छोड़ो के नारे के साथ कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रबुद्ध नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों को संस्था की ओर से कपड़े के थैले निःशुल्क वितरित किए गए, ताकि समाज से पॉलिथीन को पूरी तरह अलविदा कहा जा सके। इस प्रकृति उत्सव में सनातन संस्था के आनंद जागेटिया, विष्णु कांत शर्मा, भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानन्द शाखा के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, सचिव के.जी. सोनी, कोषाध्यक्ष आदित्य मानसिंहका, शिविर प्रभारी बालकृष्ण पारीक, विभा जैन, गायत्री आचार्य तथा श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास के नंदकिशोर शर्मा सहित कई प्रबुद्ध नागरिक और पदाधिकारी उपस्थित रहे। परिषद के पदाधिकारियों ने भीलवाड़ा के समस्त धर्मप्रेमियों एवं पर्यावरण प्रेमियों से अपील की है कि वे इस प्रकृति उत्सव से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और भावी पीढ़ी को शुद्ध पर्यावरण उपहार में दें।                            
Uploaded Image