आदर्श विद्या मंदिर शास्त्री नगर में ‘सौर ऊर्जा एवं स्मार्ट क्लास’ का भव्य लोकार्पण
विधायक मद से स्थापित 30 केवी सोलर प्लांट, स्मार्ट बोर्ड व कंप्यूटर लैब का उद्घाटन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। पर्यावरण संरक्षण एवं आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, ए-सेक्टर, शास्त्रीनगर में शुक्रवार को भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत क्षेत्रीय विधायक अशोक कुमार कोठारी द्वारा विधायक मद से स्वीकृत 21 लाख की राशि से स्थापित 30 केवी सोलर प्लांट, स्मार्ट बोर्ड एवं कंप्यूटर लैब का विधिवत उद्घाटन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रांत कार्यवाह डॉ. शंकर लाल माली, विभाग संघचालक चांदमल सोमाणी, संस्थापक सदस्य मिट्ठू लाल स्वर्णकार, विद्या भारती जिलाध्यक्ष हीरा लाल टेलर तथा विधायक कार्यालय से भगवान सिंह चौहान आरजिया उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाश सराफ ने बताया कि भीलवाड़ा में पहली बार विधायक मद से किसी विद्यालय में सोलर प्लांट स्थापित किया गया है, जो एक अभिनव पहल है। उन्होंने कहा कि इस सौर ऊर्जा संयंत्र से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, ग्रीन एनर्जी का उत्पादन होगा तथा बिजली बिलों में कमी आने से विद्यालय को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि विधायक मद से प्राप्त राशि के माध्यम से विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड एवं आधुनिक कंप्यूटर भी लगाए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। यह पहल विद्यार्थियों को डिजिटल युग की आवश्यकताओं एवं चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम में जिला मंत्री कैलाश सुथार, विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव अभिषेक जैन, कोषाध्यक्ष कर्मेश व्यास, श्रीमती रेखा सोनी, श्रीमती मधु मोदी एवं पूर्व छात्र परिषद के विराट सोनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। साथ ही भीलवाड़ा विद्या भारती द्वारा संचालित सभी 22 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

Social Plugin