Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

नौगांव सांवरिया सेठ मंदिर में गूंजे वैदिक मंत्र, विश्व शांति के लिए हुआ हवन, गाए भजन

 

 

आगामी अधिक मास के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार, पूरे माह होंगे कार्यक्रम, 31 मई को होगा नौका विहार

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में नौगांवा स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में बैसाखी पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में विश्व शांति और जनकल्याण की कामना को लेकर विशेष आहुतियां दी गईं। इसके बाद गायकों ने भगवान मिलेगा कभी ना कभी, सांवली सूरत पे मोहन दिल दीवाना हो गया, लगन तुमसे लगा बैठे, मारा सांवरिया सिरमोर जैसे भजनों से रंग जमाया। बैसाखी पूर्णिमा के अवसर पर प्रातः 8.00 बजे मंदिर प्रांगण में हवन-पूजन का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। पंडित प्रकाश शर्मा और पंडित दीपक पाराशर के सानिध्य में यजमान प्रहलाद त्रिपाठी सहित भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र अग्नि में आहुतियां अर्पित कीं। इस दौरान पूरा वातावरण सांवरिया सेठ के जयकारों और मंत्रों की ध्वनि से धर्ममय हो गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य विश्व में शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना करना है। मंदिर ट्रस्ट की ओर से आगामी अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) को लेकर भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। आने वाले महीने में श्रद्धालुओं को भक्ति की त्रिवेणी में डुबकी लगाने का अवसर मिलेगा। ट्रस्ट द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिक मास के उपलक्ष्य में 17 मई से मंदिर परिसर में नियमित हनुमान चालीसा का सामूहिक गान और दुर्गा सप्तशती के पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रीमद्भागवत महापुराण के पठन का विशेष कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें विद्वान पंडितों द्वारा भगवान कृष्ण की लीलाओं का व्याख्यान किया जाएगा। अधिक मास के समापन के अवसर पर 31 मई को सांवरिया सेठ का विशेष नौका विहार मनोरथ आयोजित किया जाएगा। यह इस धार्मिक महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगा। पूर्णिमा के अवसर पर सांवरिया सेठ के दर्शनों के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। विशेष श्रृंगार के बाद भगवान के दर्शन पाकर भक्त निहाल हो उठे। मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि आगामी आयोजनों के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा हो। सांवरिया सेठ के प्रति अटूट आस्था रखने वाले भक्तों के लिए यह पूरा माह आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर रहने वाला है। ट्रस्ट ने सभी क्षेत्रवासियों और भक्तों से अधिक मास के इन कार्यक्रमों में सपरिवार सम्मिलित होने का आह्वान किया है।                
Uploaded Image