प्रसिद्ध भजन गायिका अद्विती तापड़िया इंदौर ने दी मधुर श्याम भजनों की प्रस्तुतियां, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में एकादशी के पावन अवसर पर भव्य श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस दिव्य कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा श्याम के चरणों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और भक्ति रस में सराबोर हो गए। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्पों से सुसज्जित किया गया था। विशेष रूप से बाबा श्याम का अद्भुत एवं मनमोहक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। यह अलौकिक श्रृंगार पुजारी रूपेंद्र शुक्ला एवं रवि पंडित द्वारा अत्यंत भक्ति भाव से किया गया, जिसे देखकर भक्तगण भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम की शुरुआत सायं 7.15 बजे भजन संध्या से हुई, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायिका अद्विती तापड़िया (इंदौर) द्वारा मधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति दी गई। “हारे के सहारे”, “श्याम तेरी बंशी पुकारे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण श्याममय हो गया। श्री श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेश पोद्धार ने बताया कि एकादशी के अवसर पर हर माह विशेष आयोजन किया जाता है, लेकिन इस बार का संकीर्तन बैशाख माह होने से विशेष रूप से भव्य रहा। उन्होंने कहा कि “बाबा श्याम की कृपा से आज का कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।” वहीं मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना और लोगों को भक्ति मार्ग से जोड़ना है। उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं, भजन मंडली एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। एकादशी का महत्व बताते हुए विद्वानों ने कहा कि ग्यारस का दिन भगवान विष्णु एवं उनके अवतारों की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन व्रत, भजन-कीर्तन और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है तथा मन की शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति होती है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन ने काशीपुरी धाम को भक्ति और उल्लास के रंगों से सराबोर कर दिया। इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि बाबा श्याम के प्रति श्रद्धा और आस्था दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।

Social Plugin