Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा-मथुरा के लिए नई बस का विधिवत हुआ शुभारंभ, विधायक कोठारी ने दिखाई हरी झंडी

 

 

नई बस सेवा दोनों शहरों के बीच आवागमन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाएगी: विधायक अशोक कुमार कोठारी

 

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के प्रयासों से राज्य सरकार द्वारा रोडवेज को उपलब्ध कराई गई नई बसों में से भीलवाड़ा से मथुरा के बीच नई बस सेवा का शुभारंभ सोमवार सुबह केंद्रीय बस स्टेशन परिसर में किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना और जयघोष के बीच विधायक कोठारी ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर दुर्गा माता मंदिर के पुजारी सत्यनारायण कुदाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। शुभारंभ के बाद विधायक कोठारी ने बस में सवार यात्रियों को शुभ यात्रा की मंगल कामना देते हुए उन्हें बधाई दी। विधायक कोठारी ने बताया कि राज्य सरकार ने रोडवेज को 14 नई बसें उपलब्ध कराई हैं, जिनमें 5 सेमी डीलक्स, 4 वातानुकूलित (एसी) और 5 एक्सप्रेस बसें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा से मथुरा के बीच शुरू की गई यह नई बस सेवा यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी और दोनों शहरों के बीच दैनिक आवागमन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाएगी। उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा का आभार भी व्यक्त किया। यह सेमी-डीलक्स 2×2 बस सेवा प्रतिदिन सुबह 6.45 बजे भीलवाड़ा से रवाना होकर देवली, टोंक, लालसोट, दौसा, सिकंदरा, मेहंदीपुर बालाजी, नगर, डीग और गोवर्धनजी होते हुए मथुरा पहुंचेगी। इसके बाद यही बस मथुरा से पुनः भीलवाड़ा के लिए रवाना होगी। कार्यक्रम की शुरुआत में रोडवेज के मुख्य प्रबंधक निरंजन शर्मा, यातायात प्रबंधक अभिषेक सैनी, प्रबंधक (वित्त) प्रदीप जीनगर,  प्रबंधक संचालन मनोहर सिंह तथा श्रम अधिकारी श्रीमती दीपिका शर्मा ने विधायक कोठारी सहित अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संजय राठी, चेतन मानसिंहका, दिनेश सुथार और सारथी करण सिंह सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

 

Uploaded Image