श्री सांवलिया सेठ मंदिर नौगावां में वॉटर कूलर स्थापित करने हेतु भेंट की सहयोग राशि
भक्तों की प्यास बुझाने हेतु किया गया दान अत्यंत पुण्यदायी: गोविंद प्रसाद सोडाणी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए भीलवाड़ा के माँ भारती समूह की मातृशक्ति द्वारा श्री सांवरिया सेठ मंदिर नौगावां में श्रद्धालुओं हेतु शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। समूह द्वारा मंदिर परिसर में वॉटर कूलर स्थापित करने हेतु कुल 90 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई है, जिससे अब मंदिर आने वाले भक्तों को भीषण गर्मी में ठंडे और मीठे पानी की सुविधा मिल सकेगी। विशेष बात यह है कि इस पुनीत कार्य के लिए धन का संचय शिव पुराण कथा के दौरान किया गया था। कथा के आयोजन हेतु जल सेवा के निमित्त जो राशि एकत्रित हुई थी, उसमें से शेष बची हुई राशि का सदुपयोग करते हुए मातृशक्ति ने इसे सांवरिया सेठ के चरणों में अर्पित करने का निर्णय लिया। इस सेवा कार्य के अंतर्गत 65 हजार रुपये की लागत से आधुनिक वॉटर कूलर खरीदा गया है, वहीं 25 हजार रुपये की राशि बिजली फिटिंग, नल व्यवस्था और लोहे के मजबूत फिटिंग स्टैंड पर व्यय की गई है। माँ भारती समूह के इस परोपकारी कदम की सराहना करते हुए मंदिर समिति ने समूह का बहुत-बहुत साधुवाद और आभार व्यक्त किया है। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने कहा कि भक्तों की प्यास बुझाने हेतु किया गया यह दान अत्यंत पुण्यदायी है। वहीं समूह की महिलाओं ने इस सेवा को सांवरिया सेठ की कृपा बताते हुए कहा कि धर्म के कार्य से बची हुई राशि का सही स्थान पर सदुपयोग होना ही सच्ची सेवा है।

Social Plugin