भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। शत्रुओं पर विजय और बाधाओं के निवारण की अधिष्ठात्री देवी माँ बगलामुखी को प्रसन्न करने के लिए वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में पिछले वर्ष कि भांति इस वर्ष भी एक दुर्लभ अनुष्ठान होने जा रहा है। शहर के पंचमुखी मोक्षधाम स्थित श्री मसानिया भैरवनाथ मंदिर परिसर में आगामी रविवार, 5 अप्रैल को मध्यरात्रि में 751 किलो लाल मिर्च से महायज्ञ किया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष रवि कुमार सोलंकी ने बताया कि इससे पूर्व भी यहाँ 551 किलो मिर्च का सफल यज्ञ संपन्न हो चुका है। धार्मिक मान्यताओं और तंत्र शास्त्र के अनुसार, माँ बगलामुखी की आराधना में लाल मिर्च का उपयोग विशेष फलदायी माना जाता है। "धधकती अग्नि में लाल मिर्च की आहुति देने से नकारात्मक ऊर्जा का तत्काल नाश होता है। यह अनुष्ठान विशेष रूप से शत्रु विजय, कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता और जीवन की बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।" मंदिर के पुजारी संतोष खटीक ने बताया कि आयोजन की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य और अलौकिक अनुष्ठान के साक्षी बनें एवं धर्म लाभ उठाएं।

Social Plugin