महामंडलेश्वर हंसराम महाराज सहित महंत, संतों का मिला आशीर्वाद, विधायक गोपाल खंडेलवाल और धीरज गुर्जर ने दी शुभकामनाएं
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर निम्बार्क पारमार्थिक सेवा संस्थान द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन भक्ति और सेवा के एक बड़े उत्सव में बदल गया। महंत मोहन शरण शास्त्री के पावन सानिध्य में आयोजित इस समारोह में 31 जोड़ों ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर अपने गृहस्थ जीवन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गोपाल खंडेलवाल और धीरज गुर्जर उपस्थित रहे। दोनों जन-प्रतिनिधियों ने नव-विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए संस्थान के इस पुनीत कार्य की सराहना की। राजस्थान जन मंच अध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि इस अवसर पर संतों का दिव्य समागम भी हुआ, जिसमें महामंडलेश्वर हंसराम महाराज, सांगानेर से पधारे गोपाल दास महाराज, संतदास महाराज सहित पूज्य महंतों संतों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को धन्य किया। समारोह के मुख्य यजमान राकेश शर्मा एवं दीपिका शर्मा रहे, जिन्होंने पूरे विधि-विधान से यज्ञ और पूजा-अर्चना संपन्न कराई। कार्यक्रम की विशिष्टता तुलसी एवं भगवान शालिग्राम का विवाह रहा, जो मुख्य यजमानों की देखरेख में अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ। विवाह से पूर्व नगर के मुख्य बाजारों से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकली इस शोभायात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर और तोरण द्वार सजाकर ऐतिहासिक स्वागत किया। संस्थान ने बेटियों की विदाई के समय उनके भविष्य का पूरा ध्यान रखा। प्रत्येक जोड़े को 83 वस्तुओं की उपहार किट दी गई, जिसमें गृहस्थी बसाने की सभी आवश्यक सामग्री जैसे सिलाई मशीन, प्रेस, पलंग, अलमारी और किचन के बर्तन शामिल थे। मोहन शरण शास्त्री ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, यजमानों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे नर सेवा ही नारायण सेवा का साक्षात स्वरूप बताया।

Social Plugin