भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर, भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने जयपुर प्रवास के दौरान राजस्थान के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस पावन अवसर पर स्वामीजी ने मुख्यमंत्री को 19 से 26 फरवरी तक भीलवाड़ा में आयोजित होने वाले भव्य सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह में पधारने का आत्मीय एवं आध्यात्मिक आमंत्रण प्रदान किया। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने मुख्यमंत्री को महोत्सव के आध्यात्मिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक उद्देश्य से अवगत कराते हुए बताया कि यह आयोजन सनातन धर्म की शाश्वत परंपराओं के संरक्षण, साधना पथ के संवर्धन तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना के जागरण का एक महत्वपूर्ण माध्यम होगा। उन्होंने कहा कि सनातन मंगल महोत्सव भक्ति, सेवा, संस्कार और साधना का अनुपम संगम रहेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वामी हंसराम उदासीन का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए इस आध्यात्मिक पहल की सराहना की और आयोजन की सफलता हेतु मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक दृष्टि को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उल्लेखनीय है कि महोत्सव के दौरान आश्रम के तीन ब्रह्मचारियों को दीक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे सनातन धर्म की साधना परंपरा को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। इस महोत्सव में देश-विदेश से संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इस अवसर पर आश्रम के ब्रह्मचारी कुनाल, लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त महामंत्री रविन्द्र कुमार जाजू तथा वाल्मीकि समाज के पदाधिकारी छीतर मल गैंगट सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


Social Plugin