भाविप स्वामी विवेकानंद शाखा का ‘गुरुवंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम संपन्न
15 गुरुजनों व 10 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति का भी दिया संदेश
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भारत विकास परिषद, स्वामी विवेकानंद शाखा की ओर से सिंधु नगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित सातवें ‘गुरुवंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम में गुरुजनों के सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन तथा संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति जैसे सामाजिक सरोकारों का प्रभावी संदेश दिया गया। समारोह में अध्यापन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 15 गुरुजनों तथा अध्ययन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल एवं सचिव केजी सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत द्वारा परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के स्वागत और अभिनंदन से हुआ। मुख्य वक्ता एवं परिषद के पूर्व अध्यक्ष रजनीकांत आचार्य ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वाेच्च स्थान, गुरु वंदन की परंपरा तथा छात्र जीवन में संस्कारों के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि गुरु का सम्मान करना भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है और विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, नैतिकता तथा संस्कारों को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। शाखा सचिव केजी सोनी ने परिषद के विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी देते हुए विद्यालय प्रशासन का कार्यक्रम आयोजित करने में सहयोग एवं स्वीकृति प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ से पॉलिथीन की थैलियों का उपयोग नहीं करने का आह्वान किया। वहीं सह सचिव मनोज माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम का संचालन दुर्गा लाल जोशी ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी शिवनारायण ईनाणी, सह प्रभारी दुर्गा लाल जोशी, सदस्य विक्रम चौधरी, धीरज जोशी सहित परिषद के 8 सदस्य, विद्यालय के 182 छात्र-छात्राएं तथा 4 अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




Social Plugin