एनआरआई विनोद समदानी और भीलवाड़ा राउंड टेबल 370 ने छात्रावास संचालन के लिए सौंपी सहयोग राशि
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। समाज के वंचित एवं घुमंतू वर्ग के बच्चों को शिक्षा, संस्कार और सुरक्षित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित गुरु श्री कानिफनाथ घुमंतू छात्रावास को समाज के भामाशाहों और सामाजिक संगठनों का लगातार सहयोग मिल रहा है। छात्रावास के नियमित संचालन एवं बच्चों के आवासीय खर्चों की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शहर के सामाजिक संगठनों और प्रवासी भारतीयों ने उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग प्रदान किया। छात्रावास प्रबंधन द्वारा संचालित आवासीय खर्चों की योजना के तहत दुबई निवासी प्रवासी भारतीय (एनआरआई) विनोद समदानी ने सेवा भावना का परिचय देते हुए जून एवं जुलाई माह के खर्च के लिए क्रमशः 10 हजार एवं 11 हजार रुपये के सहयोग राशि के चेक भेंट किए। उनके इस सहयोग से छात्रावास में रह रहे बच्चों के भोजन, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संचालन में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इसी क्रम में भीलवाड़ा राउंड टेबल 370 ने भी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए छात्रावास के संचालन के लिए 11 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया। संगठन के अध्यक्ष राघव समदानी ने छात्रावास पहुंचकर प्रबंध समिति को सहयोग राशि का चेक सौंपा तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। छात्रावास प्रबंधन एवं प्रबंध समिति ने दोनों सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के ऐसे सहयोग से घुमंतू एवं वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करने का अभियान और अधिक मजबूत होगा। संस्था ने समाज के अन्य भामाशाहों से भी इस सेवा कार्य में आगे आने का आह्वान किया।


Social Plugin