भाविप के 64वें स्थापना दिवस पर कानिफनाथ छात्रावास में सघन पौधरोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 27 बालकों को सौंपी पौधों की जिम्मेदारी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा एवं श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास के संयुक्त तत्वावधान में परिषद का 64वां स्थापना दिवस सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर गुरु कानिफनाथ छात्रावास परिसर में पौधरोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ बच्चों को पौधों की देखभाल की व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी सौंपी गई। कार्यक्रम के तहत छात्रावास परिसर में ट्री-गार्ड सहित 22 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। ‘एक पेड़, मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत छात्रावास के 27 बालकों को इन पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रत्येक बालक के नाम से एक पौधा लगाया गया, जिनमें जामुन, आम, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। बच्चों ने अपने-अपने पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया। पर्यावरण प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कॉलोनी वासियों को 280 तुलसी के औषधीय पौधे तथा 150 फलदार एवं छायादार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। लोगों से अपने घरों, आंगनों और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह डॉ. शंकर लाल माली ने परिषद की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के हर खुशी के अवसर जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, गृह प्रवेश या अन्य मांगलिक कार्यक्रम को पौधरोपण से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार हर शुभ अवसर पर एक पौधा लगाए और उसका संरक्षण करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने भारत विकास परिषद को देश के अग्रणी सेवा संगठनों में से एक बताते हुए भीलवाड़ा इकाई की सेवा गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिषद समाज सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लगातार जनजागरण का कार्य कर रही है। कार्यक्रम का संचालन बालकृष्ण पारीक ने किया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। अंत में गोविंद प्रसाद सोडाणी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्या भारती के हीरालाल टेलर, स्वामी विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, छात्रावास समिति के राजेश व्यास, विशाल गुरुजी, सचिव केजी सोनी, कोषाध्यक्ष आदित्य मानसिंह सहित परिषद के पदाधिकारी, कॉलोनीवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने पौधों को वृक्ष बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।


Social Plugin