Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भाविप विवेकानंद शाखा ने शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सेवा कार्यों की सरिता बहाई

 

गौ-सेवा के साथ संवारी सेहत, जरूरतमंदों को निःशुल्क मिल रहे मेडिकल उपकरण

 

  भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा द्वारा सेवा ही संगठन के ध्येय को चरितार्थ करते हुए शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सेवा कार्यों की सरिता बहाई गई। परिषद के सदस्यों ने जहाँ एक ओर गौशाला पहुंचकर गौवंश की सेवा का संकल्प लिया, वहीं दूसरी ओर परिषद भवन पर स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से दर्जनों रोगियों को राहत पहुंचाई। शाखा सचिव केजी सोनी के अनुसार, सेवा कार्यों का यह सिलसिला रविवार को भी अनवरत जारी रहा। शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल के नेतृत्व में परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने भीलवाड़ा से करीब 18 किलोमीटर दूर कोटड़ी रोड स्थित श्री देवनारायण गौशाला (माली खेड़ा-मेजा) का दौरा किया। यहाँ परिषद के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गौशाला परिसर में 10 फलदार छायादार पौधे रोपे। साथ ही, भीषण गर्मी के मौसम में गायों के लिए छाया की समुचित व्यवस्था हेतु परिषद की ओर से 5100 रुपए की सहायता राशि भेंट की गई। इस दौरान आदित्य मानसिंहका, भेरुलाल अग्रवाल, मनोज माहेश्वरी, शिवनारायण ईनाणी सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। उधर शास्त्रीनगर स्थित परिषद भवन पर रविवार सुबह का नजारा भी सेवाभावी रहा, जहाँ प्रातःकालीन योग शिविर के बाद आमजन को स्वास्थ्यवर्धक काढ़े का वितरण किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 22 डायबिटीज रोगियों को दवा के पैकेट वितरित किए गए। फिजियोथैरेपी क्लिनिक में डॉ. वर्षा काबरा ने अपनी सेवाएं देते हुए 8 रोगियों का उपचार किया, वहीं बाल किशन पारीक एवं वंदना अग्रवाल ने एक्यूप्रेशर पद्धति से मरीजों को राहत दी। इन प्रकल्पों के सफल संचालन में जगदीश काबरा, अतुल शाह, मुरलीधर लड्डा और प्रदीप जैन ने सक्रिय भागीदारी निभाई। परिषद द्वारा संचालित मेडिकल उपकरण बैंक वर्तमान में कई गंभीर रोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहा है। शाखा द्वारा रोगियों को उपचार हेतु 5 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, व्हीलचेयर, फोल्डिंग बेड, नेबुलाइजर और सक्शन मशीन जैसे महंगे उपकरण पूर्णतया निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्तमान में भी कई मशीनें और व्हीलचेयर मरीजों के घरों पर सेवा दे रही हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।         

 


Uploaded Image