गायत्री आश्रम से रिलायंस मॉल तक बनेगा एलिवेटेड रोड परियोजना पर प्रारम्भिक लागत 303.48 करोड़ का अनुमान
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी के प्रयासों से जल्द ही एलिवेटिड रोड बनने जा रही है। इस हेतु डीपीआर का कार्यादेश व एमओयू किया जा चुका है। विधायक कोठारी ने बताया कि इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स इंडिया लिमिटेड (ईपीआईएल), नई दिल्ली को श्रेष्ठ और आधुनिक एलिवेटिड रोड की डीपीआर हेतु कार्यादेश दिया जा चुका है। यह भीलवाड़ा में प्रथम बार होगा कि केन्द्र सरकार से संबंधित एजेंसी राज्य सरकार की किसी परियोजना में डीपीआर निर्माझा करेगी। उन्होंने आगे बताया कि उक्त एलिवेटिड रोड की फिजिबिलिटी रिपोर्ट दिसम्बर 2025 में ही राज्य सरकार से स्वीकृत करा दी गई थी और उसके पश्चात माननीय मुख्यमंत्री के द्वारा राज्य बजट में एलिवेटिड रोड की घोषणा की गई थी। जिसके परिपेक्ष्य में ईपीआईएल को कार्यादेश जारी किये जा चुके हैं। कंपनी द्वारा सितम्बर 2026 तक डीपीआर पूर्ण कर नगर विकास न्यास को सौंप दी जाएगी। साथ ही विधायक कोठारी ने ईपीआईएल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीलवाड़ा की बहुप्रतीक्षित एलिवेटिड रोड योजना की डीपीआर का प्रि-प्रजेन्टेशन भीलवाड़ा के प्रबुद्धजनों के समक्ष रखें ताकि अंतिम रूप देने से पूर्व के प्रबुद्धजनों सुझाव शामिल किए जा सकें। ज्ञात रहे कि विधायक कोठारी के लगातार प्रयासों से गायत्री आश्रम से रिलायंस मॉल तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड निर्माण हेतु प्रक्रिया तेज हो पाई है। यूआईटी द्वारा जारी आदेश अनुसार परियोजना की डीपीआर तैयार करने हेतु ईपीआईएल की 1.20 प्रतिशत परामर्श शुल्क की दर पर भुगतान किया जाएगा। पूर्व में यह एलिवेटेड रोड रामधाम से गायत्री आश्रम तक प्रस्तावित था, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा रामधाम क्षेत्र में नए ओवरब्रिज की स्वीकृति मिलने के बाद योजना में संशोधन किया गया। अब एलिवेटेड रोड गायत्री आश्रम से रिलायंस मॉल तक निर्मित किया जाएगा। विधायक कोठारी ने बताया कि प्रस्तावित एलिवेटेड रोड अब 2.49 किलोमीटर लंबाई में बनाया जाएगा, जबकि पूर्व योजना 2.95 किलोमीटर लंबाई में रामधाम तक प्रस्तावित थी। जिला प्रशासन एवं नगर विकास न्यास ने गत वर्ष रामधाम से गायत्री आश्रम तक एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना तैयार की थी, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा रामधाम पर एक और नए ओवरब्रिज को मंजूरी मिलने के बाद इसकी लंबाई कम कर गायत्री आश्रम से रिलायंस मॉल तक कर दी गई। नई स्वीकृति के अनुसार गायत्री आश्रम से रामधाम तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। साथ ही ग्रेड सेपरेट सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे यातायात अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो सकेगा। परियोजना के अंतर्गत एलिवेटेड रोड पर चार प्रमुख जंक्शन विकसित किए जाएंगे, जिनमें अजमेर चौराहा, सर्किट हाउस, गंगापुर तिराहा तथा ट्रैफिक थाने के सामने वीर तेजा सर्कल शामिल हैं। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अजमेर चौराहा एवं रिलायंस मॉल जंक्शन पर चढ़ने और उतरने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 303.48 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। एलिवेटेड रोड बनने से शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव से राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। विधायक कोठारी ने बताया कि भीलवाड़ा शहर के विकास एवं ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार होने के बाद सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां शीघ्र पूर्ण कर सितंबर 2026 के अंत तक निर्माण कार्य प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति दी गई है। भविष्य में बढ़ती आबादी एवं वाहनों के दबाव को देखते हुए यह एलिवेटेड रोड शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।


Social Plugin