व्यक्ति योग को जीवन का हिस्सा बना ले, तो वह बीमारियों से मुक्त रहेगा: उमाशंकर
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। स्वास्थ्य ही धन है के मूल मंत्र को चरितार्थ करने के लिए बिहार वेद एवं योग विज्ञान संस्थान और श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास एवं काशीपुरी-वकील कॉलोनी महेश समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग शिविर वर्तमान में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों के शारीरिक और मानसिक उन्नयन के लिए समर्पित यह कक्षाएं अब नियमित रूप से काशीपुरी वकील कॉलोनी स्थित माहेश्वरी भवन के भव्य परिसर में आयोजित की जा रही हैं, जहाँ बड़ी संख्या में साधक स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। शिविर के सफल संचालन के बीच बुधवार को योगाचार्य उमाशंकर भाई ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए योग की महत्ता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को लचीला बनाने का साधन नहीं है, बल्कि यह आत्म-साक्षात्कार और अनुशासन का मार्ग है। उमाशंकर ने जोर देते हुए कहा कि यदि व्यक्ति अपनी व्यस्ततम दिनचर्या से थोड़ा समय निकालकर योग को जीवन का हिस्सा बना ले, तो वह न केवल बीमारियों से मुक्त रहेगा बल्कि सकारात्मक ऊर्जा से भी लबरेज रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि आज के प्रदूषित वातावरण में प्राणायाम हमारे फेफड़ों और हृदय के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करता है। शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः काल 5.45 बजे निर्धारित है, ताकि ब्रह्म मुहूर्त की शुद्ध वायु का लाभ साधकों को मिल सके। काशीपुरी वकील कॉलोनी स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित इन कक्षाओं में नियमितता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास एवं महेश समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाएं और योग करें, निरोग रहें के संकल्प को सिद्ध करें।

Social Plugin