Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

संजय कॉलोनी में गहराया पानी संकट, समाधान को लेकर कलेक्टर तक पहुंची रहवासियों की गुहार

 

 

 

कलेक्टर से मिले जनप्रतिनिधि, नलों में नहीं रहा पानी, टैंकरों पर बढ़ी निर्भरता, जल्द समाधान की मांग तेज

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) शहर की संजय कॉलोनी इन दिनों भीषण पानी संकट से जूझ रही है। कॉलोनी के रहवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कॉलोनी वासियों ने कई बार स्थानीय प्रशासन और जलदाय विभाग को शिकायत दीं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। आखिरकार परेशान रहवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया और जल्द से जल्द पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। वार्ड नम्बर 35, 36, 48 और 59 में लंबे समय से बनी हुई जल समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के सामने मजबूती से आवाज उठाई है। इसी क्रम में निवर्तमान महापौर राकेश पाठक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर समस्या के स्थाई समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को बताया कि क्षेत्र में जलापूर्ति अनियमित है और पानी का दबाव भी काफी कम रहता है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि अब रहवासी टैंकरों के भरोसे जीवन यापन करने को मजबूर हैं। महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे आम परिवारों की आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए घंटों मेहनत करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है। निवर्तमान महापौर ने पीएचइडी के माध्यम से क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने, पुरानी लाइनों के सुधार और जल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग रखी, ताकि भविष्य में पानी की किल्लत से स्थाई राहत मिल सके। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता जताई। इस दौरान वार्ड 35 से कैलाश मुन्द्रडा, वार्ड 36 से पार्षद सुशीला जैन, वार्ड 48 से सागर पाण्डे, वार्ड 59 से बादाम देवी माली सहित राजेंद्र जैन एवं दौलत माली अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को संजय कॉलोनी की जल समस्या का तकनीकी परीक्षण कर जल्द से जल्द स्थाई समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।          

Uploaded Image