भाविप ने छात्रावास की केयर टेकर को राष्ट्रीय स्तर पर लिया गोद, 24 मई को शांति अतिथि गृह में होगा शिविर का भव्य समापन

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
पटेल नगर में विशेष रूप से बौद्धिक रूप से दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आयोजित विशेष शिविर में अनूठी मानवीय संवेदनाएं देखने को मिलीं। अनोखी उमंगों की उड़ान कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर का जायजा लेने पहुंचे भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन ने बच्चों के बीच पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। शिविर में बच्चों के उत्साह और जीवंतता को देखकर राष्ट्रीय पदाधिकारी भी खुद को रोक नहीं पाए। राष्ट्रीय महासचिव संदीप बाल्दी और मध्य प्रांत अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने खुद मंच पर आकर इन विशेष बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाकर थिरकन की। इस भावुक और ऊर्जावान पल को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस मौके पर उपस्थित सभी अतिथियों और प्रबुद्धजनों ने एक स्वर में अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और इन बच्चों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने शिविर के सफल क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि यह अनूठा शिविर वाकई समाज को एक नई दिशा देने वाला और अत्यंत सराहनीय है। इन सभी मानवीय और सेवाभावी क्रियाकलापों को और अधिक सुदृढ़ व अच्छे स्तर पर संचालित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई। छात्रावास के सुचारू संचालन और बच्चों की बेहतर देखरेख सुनिश्चित करने के लिए, भारत विकास परिषद के माध्यम से छात्रावास की केयरटेकर के लिए पूरी चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर गोद लिया गया है। परिषद अब केयरटेकर की सभी जिम्मेदारियों को संभालेगी ताकि बच्चों की सेवा निरुद्ध चलती रहे। शिविर के अंतर्गत न केवल बच्चों, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दिल्ली केंद्र विशेष तौर पर कार्यक्रम का संचालन करेगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर समाज के कई गणमान्य नागरिक और भामाशाह उपस्थित रहे, जिनमें गोविंद प्रसाद सोडानी, गिरीश अग्रवाल, विभा जैन और प्रदीप हिम्मतरामका प्रमुख हैं। सभी ने बच्चों और संस्था का मनोबल बढ़ाया। गौरतलब है कि इस बहुआयामी शिविर का भव्य समापन आगामी 24 मई को शांति अतिथि गृह में आयोजित किया जाएगा।


Uploaded Image Uploaded Image