समारोह में विधायक गोपाल खंडेलवाल होंगे मुख्य अतिथि
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) । मानवता की सेवा में समर्पित नर्सेज के जज्बे को सलाम करने के लिए आगामी 12 मई को 'अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस' के अवसर पर जिला स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर में गुरुवार को राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन एवं राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में इस आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। आरएनए के जिलाध्यक्ष नारायण लाल माली ने बताया कि कार्यक्रम में मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. वर्षा सिंह करेंगी। जिला संयोजक सांवर मल सोनी के अनुसार, इस गरिमामयी समारोह में पूरे जिले सहित महात्मा गांधी अस्पताल के उन नर्सेज को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्य किया है।
सेवा के साथ सरोकार: बांधेंगे परिंडे
राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश लक्षकार ने बताया कि नर्सेज दिवस को केवल समारोह तक सीमित न रखकर सामाजिक सरोकार से भी जोड़ा जाएगा। बढ़ती गर्मी और बेजुबान पक्षियों की प्यास को देखते हुए संगठन की ओर से 101 परिंडे बांधने का संकल्प लिया गया है।
बढ़ेगा मनोबल, एकजुटता का आह्वान
नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गोपाल तोलंबिया ने कहा कि ऐसे आयोजनों से फील्ड में दिन-रात काम करने वाले नर्सेज का मनोबल बढ़ता है। वहीं, राजस्थान राज्य कर्मचारी एकीकृत महासंघ के जिला मंत्री शंकर लाल पायक ने जिले के समस्त नर्सेज से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। बैठक के दौरान त्रिलोक मीणा, दीनबंधु चतुर्वेदी, संपति कुमावत, अनिरुद्ध पारीक, पवन सेन एवं अशोक सेन सहित कई पदाधिकारी व नर्सेज उपस्थित थे।

Social Plugin