Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

“माहेश्वरी शिरोमणि सम्मान समारोह” भव्य गरिमा के साथ हुआ सम्पन्न, श्रेष्ठ विभूतियों का हुआ अभिनंदन

माहेश्वरी समाज शिक्षा, उद्योग, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में रहा अग्रणी: उद्योग मंत्री के.के. विश्नोई

कार्यक्रम में विभिन्न समाज के उद्योगपति के साथ ही सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी लिया हिस्सा

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा, भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा एवं श्रीनगर माहेश्वरी सभा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 1 मार्च 2026 को रामेश्वरम, हरणी महादेव रोड, भीलवाड़ा में "माहेश्वरी शिरोमणि सम्मान समारोह" अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के उद्योग मंत्री के.के. विश्नोई थे, जिन्होंने समाज की एकजुटता और सेवा परंपरा की सराहना की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद दामोदर अग्रवाल, भीलवाडा शहर विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, राजकुमार कालिया, ममता मोदानी, श्रीकांत बाल्दी, रमाकांत बाल्दी मौजूद रहे। अध्यक्षता महासभा के सभापति संदीप काबरा ने की। कार्यक्रम में विभिन्न समाज के उद्योगपति के साथ ही सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंगलाचरण एवं स्वागत गीत के पश्चात अतिथियों का पारंपरिक साफा एवं दुप्पटा से अभिनंदन किया गया। सभागार में उपस्थित समाज बंधुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को विशेष ऊँचाई प्रदान की। इस अवसर पर उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान रखने वाले तथा भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित उद्योगपति सत्यनारायण नुवाल को अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा द्वारा "समाज रत्न" से अलंकृत किए जाने पर समाज की ओर से अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने उनके उद्योग क्षेत्र में नवाचार, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रेरणा स्रोत बताया। इसी प्रकार राष्ट्रीय स्तर पर अटल अवार्ड से सम्मानित उद्योगपति एवं पूर्व सभापति रामपाल सोनी को भी "समाज रत्न" सम्मान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व, संगठन क्षमता एवं समाजहित में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि उनका जीवन युवाओं के लिए आदर्श है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू को "समाज गौरव" सम्मान से अभिनंदित किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं प्रकृति रक्षा का संदेश देते हुए कहा कि समाज की प्रगति प्रकृति के संरक्षण से ही संभव है तथा युवाओं को पर्यावरण के प्रति सजग रहना चाहिए। मुख्य अतिथि के.के. विश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि माहेश्वरी समाज शिक्षा, उद्योग, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। ऐसे सम्मान समारोह समाज को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। पश्चात स्नेहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता कर आत्मीय मिलन का आनंद लिया। समारोह ने समाज की उपलब्धियों को नई पहचान देते हुए यह संदेश दिया कि श्रेष्ठ कार्यों का सम्मान ही समाज की वास्तविक शक्ति है। समारोह में राधेश्याम चेचानी, कैलाश कोठारी, अशोक बाहेती, केदार गगरानी, अनिल बागड़, सीमा कोगटा, प्रदीप बल्दवा, रमेश राठी, अभिजीत शारदा, 'संजय जागेटिया, अतुल राठी, सुशील मरोठिया, महावीर समदानी, गोपाल नरानीवाल, सुरेश कचोलिया, प्रमोद डाड, महेंद्र काकानी, रामकृष्ण सोनी, दिनेश पेड़ीवाल, प्रहलाद नुवाल सहित कई गणमान्य समाजजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जगदीश कोगटा ने किया।