कुमकुम तिलक, गुड़, आइसक्रीम और उपहारों से बच्चों का बढ़ाया उत्साह, शिक्षकों के लिए यूनिफॉर्म लागू
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। बौद्धिक दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित सेवाश्रम बौद्धिक दिव्यांग पुनर्वास गृह एवं विशेष विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह, उल्लास और आत्मीयता के वातावरण में हुआ। विद्यालय ने अपने तीसरे शैक्षणिक अध्याय की शुरुआत प्रवेश उत्सव के रूप में मनाते हुए विशेष बच्चों का पारंपरिक भारतीय संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरों पर नई उम्मीद और नई ऊर्जा साफ दिखाई दी। नए सत्र में विद्यालय ने पुनर्वास गृह (हॉस्टल) में निवासरत 15 बच्चों सहित कुल 54 विशेष बच्चों के साथ अपनी शैक्षणिक गतिविधियों का शुभारंभ किया। पहले ही दिन विद्यालय पहुंचे सभी बच्चों का अध्यापकों ने कुमकुम का तिलक लगाकर, गुड़ खिलाकर तथा स्नेहपूर्वक स्वागत किया। बच्चों के हाथों में रंग-बिरंगे स्टेशनरी गिफ्ट पैकेट सौंपे गए, जिससे उनका उत्साह कई गुना बढ़ गया। विद्यालय परिवार का उद्देश्य था कि बच्चों के मन में स्कूल के प्रति अपनापन और खुशी का भाव विकसित हो तथा वे पूरे वर्ष उत्साहपूर्वक शिक्षा और प्रशिक्षण से जुड़ें। प्रवेश उत्सव के दौरान संस्था की कोषाध्यक्ष प्रेमलता ओझा ने बच्चों व उनके अभिभावकों का मुंह मीठा करवाने के लिए आइसक्रीम और चॉकलेट वितरित की, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे। स्कूल आने को लेकर जितना उत्साह बच्चों में था, उतना ही जोश अध्यापकों में भी नजर आया। विद्यालय प्रबंधन ने इस सत्र से अनुशासन और एकरूपता की नई मिसाल पेश करते हुए सभी अध्यापकों के लिए ड्रेस कोड (यूनिफॉर्म) अनिवार्य कर दिया है। प्रधानाचार्य आशा काबरा ने बताया कि विद्यालय की पूरी टीम नई सोच, नई योजना और नए लक्ष्यों के साथ इन विशेष बच्चों के पुनर्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वर्तमान में स्कूल और हॉस्टल में नए प्रवेश के लिए लगातार अभिभावक संपर्क कर रहे हैं। इस गरिमामयी प्रवेश उत्सव के अवसर पर प्रधानाचार्य आशा काबरा, कोषाध्यक्ष प्रेमलता ओझा, शिक्षिका निहारिका तोषनीवाल, विनीता चौधरी, दिव्या चौधरी, खुशी कुमारी, केयरटेकर अपर्णा सामंत, स्पीच थैरेपिस्ट लक्ष्मी पाल एवं जिम्नास्टिक कोच राहुल सुवालका सहित पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।


Social Plugin