महेश नवमी महोत्सव के तहत मोदी ग्राउंड पर आयोजित माहेश्वरी प्रीमियर लीग के सेमीफाइनल मुकाबलों में दोनों टीमों ने दर्ज की शानदार जीत
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत श्री नगर माहेश्वरी सभा द्वारा मोदी ग्राउंड पर आयोजित माहेश्वरी प्रीमियर लीग 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले शनिवार को रोमांच और उत्साह के बीच खेले गए। दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए आरकेआरसी ए और भोपालगंज ए ने जीत हासिल कर ग्रैंड फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। सह संयोजक अर्चित मून्दडा व क्रिकेट खेल प्रभारी राजेन्द्र मालू, संजय लाहोटी ने बताया की शनिवार को हुए पहले सेमीफाइनल में तिलक नगर टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरकेआरसी ए टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 6 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर फाइनल में प्रवेश किया। आरकेआरसी ए के अक्षत कचोलिया ने 39 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे सेमीफाइनल में भोपालगंज ए टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 80 रन बनाए। जवाब में शास्त्री नगर की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 65 रन ही बना सकी। इस प्रकार भोपालगंज ए ने 15 रनों से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल किया। भोपालगंज ए की ओर से सौरभ जागेटिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। वहीं दीपक चेचानी ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 18 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी झटके। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। क्रिकेट खेल प्रभारी विशाल बाहेती, रवि डाड, निखिल गगरानी ने बताया की अब रविवार 21 जून को मोदी ग्राउंड पर एमपीएल 2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आरकेआरसी ए और भोपालगंज ए के बीच खेला जाएगा। पूरे टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है, ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक और यादगार खिताबी मुकाबले की उम्मीद है। श्री नगर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष केदार जागेटिया एवं मंत्री सुरेश बिरला ने सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान मैदान पर उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। मुख्य खेल प्रभारी रोशन देवपुरा द्वारा मैच के दौरान दी गई रोमांचक और जीवंत कॉमेंट्री ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देवपुरा द्वारा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, मैच के उतार-चढ़ाव और महत्वपूर्ण पलों का शानदार वर्णन कर मुकाबलों को और अधिक रोचक बना दिया। फाइनल मुकाबले में भी विशेष कॉमेंट्री की व्यवस्था रहेगी, जिससे दर्शक मैच का भरपूर आनंद उठा सकेंगे। संयोजक अतुल राठी के नेतृत्व में आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। दर्शकों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया, जिससे मैदान पर उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।


Social Plugin