ओम शांति वृद्धाश्रम में आठवां मेडिकल कैंप आयोजित, हर माह तीसरे शुक्रवार को स्वास्थ्य जांच और दवाइयां उपलब्ध कराने का संकल्प निभा रही संस्था
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। सेवा का संकल्प केवल आयोजन तक सीमित नहीं, बल्कि नियमित जिम्मेदारी बन जाए तो समाज में सकारात्मक बदलाव की मिसाल कायम होती है। इसी भावना के साथ अक्षय सेवा संस्था पिछले आठ महीनों से ओम शांति वृद्धाश्रम के 38 बुजुर्गों की सेहत का जिम्मा संभाल रही है। संस्था की ओर से शुक्रवार को आठवें मेडिकल हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बुजुर्गों की बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। संस्था के फाउंडर एवं अध्यक्ष पवन नागौरी ने बताया कि संस्था के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल के लिए प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप लगाने का संकल्प लिया गया था। पिछले आठ महीनों से यह सेवा अनवरत जारी है। शिविर में बुजुर्गों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ बीपी और शुगर की जांच की जाती है तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज के सहायक आचार्य एवं संस्था सदस्य डॉ. ऋषि टेलर बुजुर्गों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देते हैं। संस्था के मुख्य संरक्षक चंद्र देव आर्य ने बताया कि वर्तमान में ओम शांति वृद्धाश्रम में कुल 38 बुजुर्ग निवासरत हैं। संस्था परिवार की ओर से प्रत्येक माह इन सभी का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जाता है, ताकि समय रहते उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का पता लगाकर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष लीला शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से समाजसेवा में जुटी है। संस्था की ओर से प्रतिवर्ष फरवरी में विशाल नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से करीब 800 मरीजों का मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन करवाया जा चुका है। इसके अलावा भीषण गर्मी के दौरान अप्रैल से जुलाई तक महात्मा गांधी अस्पताल में कतारों में खड़े मरीजों और उनके परिजनों को लौटे-गिलास के माध्यम से घूम-घूमकर पानी पिलाया जाता है। वहीं जन्मजात विकृति क्लब फुट से पीड़ित 80 बच्चों को निःशुल्क क्लब फुट शू उपलब्ध करवाए गए हैं। शिविर में भीलवाड़ा सोशल क्रू की फाउंडर विनीता गर्ग भी मौजूद रहीं। उन्होंने पूरे शिविर का निरीक्षण किया तथा संस्था की ओर से प्रतिमाह किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना की। इस दौरान संस्था सचिव सुनील व्यास, महिला उपाध्यक्ष अनीता चौधरी, कार्यालय प्रभारी निलेश शर्मा, ओम शांति वृद्धाश्रम के रामस्वरूप डाड सहित आश्रम स्टाफ का सहयोग रहा।



Social Plugin