Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

राजस्थान के उद्योग जगत को न्यूजीलैंड से जोड़ने की नई पहल, मेवाड़ चैम्बर ने किया ऐतिहासिक एमओयू

 

दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और नए बाजारों के अवसर बढ़ाने पर होगा सहयोग, राजस्थान के उद्यमियों के लिए खुलेंगे वैश्विक कारोबार के नए द्वार

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) राजस्थान के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए बुधवार का दिन नई संभावनाओं का संदेश लेकर आया। भीलवाड़ा और राजस्थान के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए न्यूजीलैंड-इंडिया चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और मेवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग के नए द्वार खोलने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस एमओयू का उद्देश्य भारत और न्यूजीलैंड के बीच आपसी व्यापार को बढ़ावा देना, दोनों देशों में निवेश के नए अवसर विकसित करना तथा उद्योग एवं व्यापार जगत को एक-दूसरे के बाजार, व्यापारिक संभावनाओं और व्यावसायिक वातावरण को बेहतर ढंग से समझने में सहयोग प्रदान करना है। यह समझौता दोनों देशों के उद्योगपतियों एवं व्यापारियों के बीच संपर्क बढ़ाने के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान, निवेश के अवसरों की पहचान और संयुक्त व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एमओयू पर न्यूजीलैंड-इंडिया चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से अध्यक्ष एवं सीईओ सनी कौशल तथा मेवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मेवाड़ चैम्बर के मानद महासचिव आर.के. जैन ने बताया कि भारत एवं न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते के लाभ को देश के विभिन्न व्यापारिक वर्गों, सर्विस सेक्टर और औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मेवाड़ चैम्बर द्वारा यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने बताया कि उद्योग एवं व्यापार हितों के लिए मेवाड़ चैम्बर की सक्रिय भूमिका को देखते हुए न्यूजीलैंड-इंडिया चौम्बर ने राजस्थान में अपने सहयोगी संगठन के रूप में मेवाड़ चौम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री को चिन्हित किया है। इससे राजस्थान के उद्यमियों को न्यूजीलैंड के उद्योग एवं व्यापार जगत से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। भारतीय समयानुसार सुबह 9.30 बजे आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में न्यूजीलैंड सरकार के मंत्री, न्यूजीलैंड में भारतीय राजदूत डॉ. मदन मोहन सेठी, ऑकलैंड बिजनेस चैम्बर के सीईओ साइमन ब्रिजेस, बैंक ऑफ बड़ौदा (न्यूजीलैंड) लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार खेतान सहित न्यूजीलैंड चैम्बर एवं मेवाड़ चैम्बर के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। भारतीय राजदूत डॉ. मदन मोहन सेठी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते के बाद दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है और उद्योग जगत को इसका अधिकतम लाभ उठाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। ऑकलैंड बिजनेस चौम्बर के सीईओ साइमन ब्रिजेस ने कृषि, नई तकनीक, ऊन कारोबार और सर्विस सेक्टर में व्यापार एवं निवेश की व्यापक संभावनाएं बताईं। बैंक ऑफ बड़ौदा (न्यूजीलैंड) के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार खेतान ने न्यूजीलैंड में निवेश करने वाले भारतीय उद्यमियों को वित्तीय सहयोग का भरोसा दिलाया। मेवाड़ चैम्बर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि एमओयू से भीलवाड़ा सहित राजस्थान के टेक्सटाइल, माइनिंग, इंजीनियरिंग, कृषि आधारित उद्योग, हस्तशिल्प और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नए निर्यात बाजार मिल सकते हैं। आने वाले समय में दोनों चैम्बर व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान, व्यावसायिक बैठकों, निवेश सम्मेलनों, उद्योग विशेष संवाद तथा विभिन्न क्षेत्रों में संभावित सहयोग की पहचान के लिए संयुक्त प्रयास करेंगे।

Uploaded Image