मतदाता जागरूकता को लेकर निकाली पैदल रैली, चौराहों पर दिया मतदान का संदेश
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। मतदान के महत्व का संदेश देने के लिए श्री माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थी सोमवार को सड़कों पर उतरे। निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में निकाली गई पैदल रैली को प्राचार्य प्रो. बीएल जागेटिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों से गुजरी। हाथों में मतदाता जागरूकता के पोस्टर और जुबां पर मतदान के नारे लिए विद्यार्थी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करते नजर आए। ‘चाहे जो हो मजबूरी, वोट देना है जरूरी’ जैसे नारों से रैली का माहौल गूंजता रहा। रैली माणिक्य लाल वर्मा चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। महाविद्यालय की ईएलसी नोडल डॉ. रजनी गगवानी ने बताया कि रैली का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवा मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। रैली में समिति के सह प्रभारी सहायक आचार्य सांवर मल व्यास, रविंद्र सिंह राव, पंकज मीणा, प्रशासनिक अधिकारी सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।




Social Plugin