Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में जुटेंगे देशभर के सर्जन, दूरबीन सर्जरी की आधुनिक तकनीकों पर होगा मंथन

 

 

RAMAS 2026 में 500 से अधिक सर्जन्स की भागीदारी संभावित, लाइव ऑपरेटिव टेलीकास्ट के साथ रोबोटिक सर्जरी और एआई पर भी होगी चर्चा

 

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा सितंबर में आधुनिक शल्य चिकित्सा के विशेषज्ञों के बड़े राष्ट्रीय समागम की मेजबानी करने जा रही है। राजस्थान एसोसिएशन ऑफ मिनिमल एक्सेस सर्जन्स (RAMAS) का 18वां वार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन RAMAS 2026 भीलवाड़ा में आयोजित होगा। कृष्णा हॉस्पिटल सम्मेलन के सचिवालय के रूप में तथा भीलवाड़ा के सर्जन्स के संयुक्त सहयोग से इसकी मेजबानी करेगा। सम्मेलन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से 500 से अधिक सर्जन्स, विशेषज्ञों एवं रेजिडेंट डॉक्टर्स के शामिल होने की संभावना है। ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डॉ. कैलाश काबरा ने बताया कि आधुनिक शल्य चिकित्सा में मिनिमल एक्सेस अथवा लैप्रोस्कोपिक सर्जरी ने उपचार की पूरी तस्वीर बदल दी है। आम भाषा में इसे की-होल या दूरबीन सर्जरी कहा जाता है। इसमें बड़े चीरे के बजाय छोटे छिद्रों के माध्यम से कैमरे एवं विशेष उपकरणों की सहायता से ऑपरेशन किया जाता है। चयनित रोगियों में इससे ऑपरेशन के बाद दर्द कम हो सकता है, अस्पताल में रहने की अवधि घट सकती है तथा मरीज अपेक्षाकृत जल्दी सामान्य दिनचर्या में लौट सकता है। सम्मेलन में गॉल ब्लैडर स्टोन, जटिल अपेंडिक्स, इंग्वाइनल, इनसिजनल, वेंट्रल एवं हाइटल हर्निया तथा जटिल आंतों की सर्जरी में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीकों पर लाइव एवं वीडियो सेशन आयोजित किए जाएंगे। विशेषज्ञ व्याख्यान, मास्टर वीडियो और पैनल डिस्कशन भी सम्मेलन का हिस्सा होंगे।

लेजर प्रोक्टोलॉजी और स्त्री रोग सर्जरी पर विशेष फोकस

  सम्मेलन में लेजर प्रोक्टोलॉजी एवं स्त्री रोग संबंधी मिनिमल एक्सेस सर्जरी पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। लेजर प्रोक्टोलॉजी के तहत पाइल्स, फिस्टुला, फिशर एवं पाइलोनाइडल साइनस के आधुनिक उपचार पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। वहीं स्त्री रोग संबंधी मिनिमल एक्सेस सर्जरी में गर्भाशय की गांठ, फाइब्रॉयड, एक्टोपिक प्रेग्नेंसी एवं अन्य चयनित ऑपरेशनों की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन एवं चर्चा होगी। इन सत्रों के समन्वय में को-चेयरमैन डॉ. संगीता काबरा तथा जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. मनीषा बहर प्रमुख भूमिका निभाएंगी।

जयपुर-उदयपुर के ऑपरेशन थिएटर से सीधे दिखेंगे ऑपरेशन

  सम्मेलन की प्रमुख विशेषताओं में लाइव ऑपरेटिव टेलीकास्ट रहेगा। जयपुर, उदयपुर सहित विभिन्न शहरों के चयनित ऑपरेशन थिएटरों से आधुनिक सर्जरी का सम्मेलन स्थल पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। विशेषज्ञ सर्जन्स ऑपरेशन के दौरान अपनाई जा रही तकनीक, महत्वपूर्ण चरणों और व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा रोबोटिक सर्जरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सर्जरी में उपयोग, एडवांस्ड लैप्रोस्कोपी, मास्टर वीडियो, विशेषज्ञ संवाद एवं पैनल डिस्कशन सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

देशभर के विशेषज्ञ साझा करेंगे सर्जिकल अनुभव

  सम्मेलन में RAMAS के फाउंडर प्रेसिडेंट डॉ. ए.के. माथुर, जयपुर तथा स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. उमेश दत्ता शर्मा सहित संगठन के प्रमुख राज्य स्तरीय पदाधिकारियों का मार्गदर्शन रहेगा। संगठन की राज्य स्तरीय कार्यकारिणी के सदस्य भी सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। मुख्य आयोजन समिति में ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डॉ. कैलाश काबरा, सचिव डॉ. पंकज अग्रवाल, ट्रेजरर डॉ. भूपत सोरानी, को-चेयरमैन एवं मेडिकल कॉलेज भीलवाड़ा के सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. पवन बंसल, एग्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. कैलाश भंडारी तथा साइंटिफिक चेयरमैन डॉ. आर.एस. सोमानी प्रमुख जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। आयोजन समिति में डॉ. दिनेश गुप्ता, डॉ. योगेश दरगड़, डॉ. एस.पी. शर्मा, डॉ. रीता वर्मा एवं डॉ. रविन्द्र पलसानिया भी शामिल हैं। भीलवाड़ा मेडिकल कॉलेज, सरकारी एवं निजी अस्पतालों से जुड़े वरिष्ठ सर्जन्स, फैकल्टी एवं रेजिडेंट डॉक्टर्स सहित शहर के सभी सर्जन्स आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। आयोजन समिति का प्रयास है कि भीलवाड़ा का पूरा सर्जिकल समुदाय एक टीम के रूप में इस राज्य स्तरीय सम्मेलन की मेजबानी करे।

युवा सर्जन्स के लिए आधुनिक तकनीक सीखने का बड़ा मंच

             डॉ. कैलाश काबरा ने बताया कि देशभर से आने वाले विशेषज्ञ सर्जन्स अपने अनुभव, नवीनतम तकनीक, ऑपरेटिव वीडियो एवं सर्जिकल कौशल साझा करेंगे। इससे राजस्थान के सर्जन्स, विशेष रूप से युवा सर्जन्स एवं रेजिडेंट डॉक्टर्स को आधुनिक सर्जिकल तकनीकों को करीब से समझने और अपने ज्ञान एवं कौशल को बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि RAMAS 2026 का उद्देश्य केवल सम्मेलन आयोजित करना नहीं, बल्कि मिनिमल एक्सेस एवं दूरबीन सर्जरी को नए आयाम देना, नवीन तकनीकों को अधिक से अधिक सर्जन्स तक पहुंचाना और अंततः इन तकनीकों का लाभ आम मरीजों तक पहुंचाना है। आयोजन समिति को विश्वास है कि भीलवाड़ा के सर्जन्स, RAMAS की राज्य कार्यकारिणी एवं देशभर से आने वाले विशेषज्ञों के सहयोग से RAMAS 2026 एक सफल एवं यादगार सम्मेलन साबित होगा और राजस्थान में मिनिमल एक्सेस सर्जरी के विकास को नई दिशा देगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Uploaded Image