चित्तौड़ रोड ओवरब्रिज के पास गंदगी और प्रदूषण फैलाने का मामला, नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। चित्तौड़ रोड मुख्य मार्ग स्थित ओवरब्रिज के समीप कचरा डालकर उसमें आग लगाने के मामले में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। गंभीर लापरवाही को देखते हुए निगम प्रशासन ने होटल रेडियंस और मारुति सुजुकी चौंपियन कार को आधिकारिक नोटिस जारी किया है। नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने बताया कि उक्त दोनों संस्थानों द्वारा चित्तौड़ रोड स्थित ओवरब्रिज के समीप कचरा फेंका जा रहा था और उसमें आग लगाई जा रही थी। इस प्रकार की गतिविधियों से मुख्य मार्ग और आसपास का क्षेत्र प्रदूषित हो रहा था, वहीं सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने की भी आशंका बनी हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 232, 267 एवं 297 ए तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है।




Social Plugin