2 सितंबर से दोपहर की पारी में चलेगा विशेष सफाई अभियान, नालियों की सफाई और कचरा निस्तारण पर रहेगा फोकस
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम अब वार्ड स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाने जा रहा है। 2 सितंबर से शुरू होने वाली इस मुहिम में पहले चरण में शहर के 18 वार्डों को शामिल किया गया है। अभियान के दौरान सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की सघन सफाई के साथ नालियों से गाद निकालने और जलभराव की समस्या दूर करने पर भी विशेष जोर रहेगा। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर अभियान के प्रभावी संचालन के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों को वार्डवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके लिए निगम की ओर से कुल 16 विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें दोपहर की पारी में चयनित वार्डों में सफाई कार्य की निगरानी एवं क्रियान्वयन करेंगी। अभियान के पहले दिन 2 सितंबर को वार्ड क्रमांक 1, 6, 8, 19, 21, 28, 33, 34, 36, 37, 41, 42, 44, 48, 56, 63, 65 और 66 में विशेष सफाई अभियान संचालित होगा। संबंधित क्षेत्रों में गलियों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा गंदगी को हटाया जाएगा। इसके साथ ही नालियों की विशेष सफाई करते हुए उनमें जमा गाद एवं कचरे की निकासी की जाएगी, ताकि जलभराव की समस्या को कम किया जा सके। सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे का निगम के उपलब्ध संसाधनों एवं सफाई कर्मचारियों के माध्यम से समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। निगम का यह अभियान शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Regards
Pankaj Porwal
9414111390,9587462200




Social Plugin