Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

संस्कारवान बालकों से ही होगा सुदृढ़ और विकसित राष्ट्र का निर्माण

 

भाविप महाराणा प्रताप शाखा द्वारा घुमंतू समाज के बच्चों के लिए पांच दिवसीय विशेष बाल संस्कार शिविर का भव्य आयोजन

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) भारत विकास परिषद, महाराणा प्रताप शाखा के तत्वावधान में स्थानीय भोपालगंज (आजाद नगर) स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में पांच दिवसीय 'बाल संस्कार शिविर' का गरिमामय आयोजन किया जा रहा है। 13 जुलाई से प्रारंभ हुआ यह शिविर 18 जुलाई तक अनवरत चलेगा, जिसका समय प्रतिदिन सायंकाल 4 बजे से 6 बजे तक निर्धारित है। इस शिविर की सबसे अनूठी और विशेष बात यह है कि इसमें समाज के वंचित एवं घुमंतु वर्गविशेषकर गाडुलिया लोहार, सांसी, बंजारा आदि जातियों के बालकों को पांच दिनों का विशेष प्रशिक्षण देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का भगीरथ प्रयास किया जा रहा है।

शिविर की आवश्यकता और बालकों में संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयोजकों ने बताया कि बच्चे किसी भी राष्ट्र की नींव होते हैं। यदि यह नींव बचपन में ही खेलकूद और उत्तम संस्कारों के माध्यम से मजबूत की जाए, तो आगे चलकर एक सुदृढ़ और विकसित राष्ट्र का निर्माण स्वतः सुनिश्चित हो जाता है। खेलकूद के माध्यम से बच्चों में शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक चेतना, टीम भावना (समूह कार्य) और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो आज के समय में परम आवश्यक है। राष्ट्र निर्माण की सोच के तहत जब तक घुमंतु समाज के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़कर संस्कारवान नहीं बनाया जाएगा, तब तक 'विकसित भारत' का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। शिविर में बच्चों को केवल शारीरिक गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है, बल्कि उन्हें अनुशासन, स्वास्थ्य रक्षा, दैनिक स्वच्छता और देश के गौरवशाली महापुरुषों के प्रेरक प्रसंग सुनाकर उनके नामों को स्मरण करने का अभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही बालकों के आध्यात्मिक और नैतिक विकास के लिए उच्च कोटि के संत साहित्य का भी निःशुल्क वितरण किया गया है। अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को सरल योग, प्राणायाम, ध्यान और शारीरिक व्यायाम का अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे वे मानसिक रूप से एकाग्र और शारीरिक रूप से ऊर्जावान बन सकें। यह संपूर्ण आयोजन महिला संयोजिका निशा सैकड़ा के कुशल संयोजन तथा शाखा अध्यक्ष उमा मिश्रा, सचिव सतीश बोहरा और कोषाध्यक्ष हरिवंश प्रसाद राठी की देखरेख में सफलता की ओर अग्रसर है। शिविर में मुख्य प्रशिक्षक एवं अतिथि के रूप में कश्मीर भट्ट, मधुबाला यादव एवं सीए मुकेश नवाल पूरी तन्मयता के साथ बच्चों को स्वास्थ्य, योग और जीवन उपयोगी संस्कारों की जानकारी दे रहे हैं।

 

  

 

 

 

Uploaded Image