भाविप चंद्रशेखर आजाद शाखा द्वारा आयोजित खेलकूद सप्ताह-2026 का रंगारंग व भव्य समापन समारोह संपन्न
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। खेल केवल शारीरिक सौष्ठव ही नहीं बढ़ाते, बल्कि आपसी रिश्तों में समन्वय और सहयोग का सेतु भी बनते हैं। इसी ध्येय के साथ भारत विकास परिषद की चंद्रशेखर आजाद शाखा द्वारा आयोजित खेलकूद सप्ताह-2026 का रंगारंग व भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। भीलवाड़ा शहर की सभी सात शाखाओं के मध्य आपसी संपर्क, प्रगाढ़ समन्वय और सहकार की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित इस खेलकूद सप्ताह में सातों शाखाओं के सदस्यों ने मैदान पर पूरे दमखम और खेल भावना के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह के अंतिम दिन आयोजित समापन सत्र में परिषद के कई प्रांतीय व स्थानीय वरिष्ठ पदाधिकारी गवाह बने। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय संरक्षक रामेश्वर काबरा, प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी और भीलवाड़ा शहर समन्वयक रजनीकांत आचार्य उपस्थित रहे। इस समापन समारोह का सबसे बड़ा और मुख्य आकर्षण मैदान पर खेला गया एक विशेष मैत्री क्रिकेट मुकाबला रहा। इस रोमांचक मैच को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। यह मुकाबला राजस्थान मध्य प्रांत के प्रतिनिधियों और भीलवाड़ा शहर की सभी सात शाखाओं के अध्यक्षों की संयुक्त इलेवन के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने मैदान पर गजब की फुर्ती और खेल भावना का परिचय दिया। सांसें रोक देने वाले इस मुकाबले में अंततः राजस्थान मध्य प्रांत की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए विजयश्री हासिल की। पूरे सप्ताह चले विभिन्न इंडोर और आउटडोर खेलों के परिणाम भी बेहद रोमांचक रहे। क्रिकेट (मुख्य वर्ग) फाइनल के महामुकाबले में तिलक टाइटंस ने अपने बेहतरीन हरफनमौला खेल की बदौलत खिताब पर कब्जा जमाया। क्रिकेट (वरिष्ठ वर्ग) विवेकानंद शाखा ने अपनी सधी हुई रणनीति से जीत दर्ज की। क्रिकेट (महिला वर्ग) आजाद शाखा की टीम ने विरोधी टीम को शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की। कैरम (कपल) अरुण बाहेती और निशा बाहेती की जोड़ी ने अपनी सटीक गोटियों से खिताबी जीत हासिल की।पिकल बॉल चिराग समदानी और अंकुश काबरा की जोड़ी कोर्ट पर सबसे बेस्ट साबित हुई और विजेता बनी। शतरंज (अंडर-15) दिमाग के इस खेल में सोहम सोनी और पार्थ सोनी ने बाजी मारी। बैडमिंटन अमय जागेटिया ने अपने शानदार शॉट्स के दम पर जीत का परचम लहराया। सफल आयोजन के बाद चंद्रशेखर आजाद शाखा के सचिव प्रशांत खटोड़ ने इस पुनीत खेल यज्ञ को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और भीलवाड़ा की सभी सातों शाखाओं के पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस पूरे खेलकूद सप्ताह की रीढ़ रहे खेल प्रभारियों की मेहनत की भी सराहना की गई। इस अवसर पर मुख्य खेलकूद प्रभारी विनीत शर्मा, खेलकूद प्रभारी आशीष लड्डा, कल्पना सोनी, आदित्य लड़ा, अरुण काबरा, संजय अजमेरा, नितिन माहेश्वरी, अरुण बाहेती, मुदित जिंदल, अखिल झवर, आशीष झवर, हितेश डाड, मोहित असावा, अंकुश काबरा, अभिषेक मालू, पुनीत सोनी और आशीष लखानी सहित शाखा के कई वरिष्ठ सदस्य, मातृशक्ति और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Social Plugin