Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

रामधाम ट्रस्ट जीव-दया, गौ सेवा के साथ दे रहा आध्यात्मिक चेतना का संदेश

 

 

प्रतिदिन पक्षियों को डाला जा रहा दाना, अध्यात्म रामायण प्रवचन और रविवार को होगा साप्ताहिक रामायण पाठ

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट की ओर से हमीरगढ़ रोड स्थित रामधाम में जीव-दया, गौसेवा और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से सेवा, संस्कार और मानवता का संदेश दिया जा रहा है। ट्रस्ट अध्यक्ष सूर्यप्रकाश मानसिंहका एवं सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि दंडी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती के सानिध्य में संचालित सेवा कार्यों के तहत प्रतिदिन बड़ी संख्या में पक्षियों के लिए दाना डाला जा रहा है। सैकड़ों कबूतर एवं अन्य पक्षी एक साथ भोजन ग्रहण करते हैं, जो प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति करुणा एवं संरक्षण का प्रेरक संदेश देता है। रामधाम में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे अध्यात्म रामायण पर प्रवचन एवं चर्चा का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही विश्व कल्याण की भावना से सप्तचंडी यज्ञ भी निरंतर जारी है। 11 विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सहस्त्रनाम पाठ एवं हवन में आहुतियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। ट्रस्ट ने बताया कि आगामी रविवार को दोपहर 3 बजे सुभाषनगर स्थित श्रीराम मंदिर में साप्ताहिक रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।    

 

Uploaded Image