‘रंगीलो राजस्थान’ की संस्कृति, वेशभूषा और विरासत की आकर्षक प्रस्तुति से निर्णायकों का जीता दिल, चेयरपर्सन नीता बाबेल सम्मानित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जीतो लेडीज़ विंग भीलवाड़ा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ‘संस्कृति संगम 2.0’ में अपनी रचनात्मकता, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘वस्त्र स्टोरीज़’ प्रतियोगिता का राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। चेयरपर्सन नीता बाबेल के नेतृत्व में टीम ने राजस्थान जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए ‘रंगीलो राजस्थान’ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और पारंपरिक वेशभूषा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर भीलवाड़ा और पूरे राजस्थान का गौरव बढ़ाया। दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में टीम ने राजस्थान की पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति, लोककला, खान-पान, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक विविधता को सजीव मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में राजस्थान की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक गरिमा का ऐसा समन्वय देखने को मिला, जिसने निर्णायक मंडल और उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। टीम की प्रस्तुति में रंग-बिरंगी राजस्थानी पोशाकों, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक प्रतीकों को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट से टीम का उत्साहवर्धन किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जीतो लेडीज़ विंग भीलवाड़ा की चेयरपर्सन नीता बाबेल को विजेता टीम की ओर से पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और रचनात्मक सोच को देते हुए राजस्थान एपेक्स कन्वीनर सरिता लोढ़ा के मार्गदर्शन और प्रेरणा के प्रति आभार व्यक्त किया। नीता बाबेल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल प्रतियोगिता में जीत नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने का गौरव है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी जीतो लेडीज़ विंग समाज, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण से जुड़े आयोजनों में इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ भाग लेती रहेगी। इस अवसर पर रजनी सिंघवी, स्वीटी नैनावटी, नीतू सुतारिया, सुरभि चोपड़ा, खुशबू मोदी, कविता चपलोत एवं पलक सिंघवी सहित टीम की सभी सदस्य उपस्थित रहीं। उनकी इस सफलता पर भीलवाड़ा के सामाजिक एवं जैन समाज के विभिन्न संगठनों ने बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


Social Plugin