Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा डेयरी ने शीतला अष्टमी पर की दूध संकलन और बिक्री में बढ़ोतरी, बनाया नया कीर्तिमान

 

प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दी जानकारी, इस उपलब्धि पर आभार बैठक की आयोजित

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) जिले में दुग्ध उत्पादन और वितरण के क्षेत्र में अग्रणी संस्था भीलवाड़ा डेयरी ने इस वर्ष शीतला अष्टमी के अवसर पर दूध संकलन और बिक्री दोनों में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। त्योहार के चलते जिले भर में दूध और दुग्ध उत्पादों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली, जिसके चलते डेयरी प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं करते हुए आपूर्ति को सुचारु बनाए रखा। प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने बताया की डेयरी ने पैक्ड दूध की बिक्री 9 लाख लीटर से अधिक हो गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत की वृद्धि है। इसी तरह दूध उत्पादों की बिक्री 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है, जिसमें करीब 43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। दूध संग्रह के क्षेत्र में भी संघ ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पहली बार दूध संग्रह 5 लाख लीटर से अधिक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग 5 प्रतिशत अधिक है। इस उपलब्धि पर संघ के प्रबंध संचालक ने सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आभार बैठक आयोजित की। प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने इस सफलता का श्रेय संघ से जुड़े सभी दुग्ध उत्पादकों, दुग्ध विक्रेताओं, दुग्ध रिटेलरों, परिवहनकर्ताओं तथा कर्मचारियों को दिया। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह नए आयाम स्थापित करने के लिए सभी से सहयोग बनाए रखने की अपील की। बैठक में संघ संचालक मंडल सदस्य गोपाल लाल कुमावत, प्रबंध संचालक सहित सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, दुग्ध विक्रेता एवं परिवहनकर्ता उपस्थित रहे।