पुरी की तर्ज पर सजी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की झांकी, महाआरती के बाद वितरित हुई महाप्रसादी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। नौगांवा स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ उत्सव के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजनों के तहत ठाकुर जी ने अपने गर्भगृह में ही भक्तों को अलौकिक जगन्नाथ स्वरूप में दर्शन दिए, जिसे देखने के लिए तड़के से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। उत्सव के दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी और सुगंधित पुष्पों से अत्यंत भव्य रूप से सजाया गया था। मंदिर समिति के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि पुजारी दीपक पाराशर, मंत्री श्रवण सेन, दर्शन प्रमुख राकेश खोईवाल, सामग्री प्रमुख गिरराज काबरा एवं भंवरलाल दरगड़ सहित प्रबंध समिति के विशेष सेवा-प्रयासों से इस उत्सव को अभूतपूर्व और भव्य रूप प्रदान किया गया। गर्भगृह में साक्षात पुरी (ओडिशा) की तर्ज पर भगवान सांवरिया सेठ को भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दिव्य व अलौकिक रथ यात्रा की मनोरम झांकी के स्वरूप में सजाया गया। ठाकुर जी की इस अनुपम छवि को निहार कर भक्त भाव-विभोर हो उठे और पूरा परिसर सांवरिया सेठ और जगन्नाथ स्वामी के जयकारों से गूंज उठा। उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में संध्या वेला में भगवान की भव्य महाआरती उतारी गई। महाआरती में भीलवाड़ा शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के पश्चात सभी भक्तों को विशेष महाप्रसादी का वितरण किया गया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की गईं।


Social Plugin