वरिष्ठ नागरिक मंच की अनूठी प्रतियोगिता में देशभर से मिलीं 148 प्रविष्टियां, अमेरिका के ह्यूस्टन से भी पहुंची प्रविष्टि, कमला देवी भट्ट द्वितीय और मूलचंद बाफना तृतीय स्थान पर
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। बदलते दौर में जहां परिवारों के बीच दूरियां बढ़ रही हैं, वहीं तीन पीढ़ियों को एक साथ जोड़ने की अनूठी पहल ने रिश्तों की गर्माहट और पारिवारिक संस्कारों की खूबसूरत तस्वीर पेश की है। दीपावली के पर्व पर वरिष्ठ नागरिक मंच (संस्थान), भीलवाड़ा की ओर से दीपावली के उल्लास को पारिवारिक एकता और तीन पीढ़ियों के अनूठे संगम से जोड़ने की पहल को देशभर में सराहना मिली है। वरिष्ठ नागरिक मंच (संस्थान), भीलवाड़ा की ओर से तीसरी बार आयोजित फोटो प्रतियोगिता ‘दीपावली के रंग तीन पीढ़ियों के संग’ के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न शहरों के साथ अमेरिका से भी प्रविष्टि प्राप्त हुई। कुल 148 तस्वीरों में से निर्णायक मंडल ने श्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन किया। कार्यक्रम प्रभारी अरुण कुमार आचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता में वरिष्ठ नागरिकों ने अपने परिवार की तीन पीढ़ियों के साथ दीपावली मनाते हुए यादगार तस्वीरें भेजीं। निर्णायक मंडल में प्रसिद्ध आर्टिस्ट एवं कार्टूनिस्ट के.जी. कदंब तथा प्रसिद्ध फोटोग्राफर एवं पत्रकार प्रहलाद तिवारी शामिल थे। दोनों निर्णायकों ने तस्वीरों की विषयवस्तु, प्रस्तुति, बारीकियों और भावनात्मक पक्ष का सूक्ष्म मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए। प्रतियोगिता में उदयपुर के भंवर सेठ ने 21 हजार रुपए का प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। भीलवाड़ा की कमला देवी भट्ट 11 हजार रुपए के द्वितीय पुरस्कार की विजेता रहीं, जबकि भीलवाड़ा के मूलचंद बाफना ने 5100 रुपए का तृतीय पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा 2100 रुपए के 10 सांत्वना पुरस्कारों के लिए उदयपुर के जुगल किशोर अग्रवाल तथा भीलवाड़ा के रामपाल शर्मा, ओमप्रकाश पारीक, कैलाश चंद्र सोमानी, सुरेश चंद्र न्याती, बृजसुंदर सोनी, राम नारायण सोमानी, सुशील गोयल, योगेंद्र कुमार सक्सेना और महावीर कुमार जैन का चयन किया गया। सभी पुरस्कार नकद राशि के रूप में प्रदान किए जाएंगे। इस बार प्रतियोगिता को व्यापक स्तर पर प्रतिसाद मिला। भीलवाड़ा के अलावा उदयपुर, चित्तौड़गढ़, पानीपत, पुणे, जयपुर, डूंगरपुर, कोटा, मकराना, अतरौली (अलीगढ़), अजमेर, कोलकाता, अहमदाबाद, खारघर और मुंबई से प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। वहीं अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन से भी एक प्रतिभागी ने अपनी तस्वीर भेजी। मंच अध्यक्ष मदन खटोड़ ने निर्णायक मंडल के सदस्यों के.जी. कदंब और प्रहलाद तिवारी का निष्पक्ष एवं सूक्ष्म मूल्यांकन के लिए आभार जताया। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का भी धन्यवाद किया। महासचिव कृष्ण गोपाल सोमानी ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य तीन पीढ़ियों को एक मंच पर लाकर पारिवारिक एकता, प्रेम, संस्कार और परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता ने इस उद्देश्य को सार्थक करते हुए दीपावली के उल्लास को परिवार की तीन पीढ़ियों के साथ एक खूबसूरत याद में बदलने का संदेश दिया। आयोजन में उमाशंकर शर्मा, कैलाश चंद्र पुरोहित, प्रमोद कुमार तोषनीवाल और वीणा खटोड़ सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर प्रेम कुमार जैन एवं रामप्रकाश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।



Social Plugin