Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

भीलवाड़ा में 22 नवंबर को सजेगा ‘भारत को जानो’ का क्षेत्रीय मंच, 7 प्रांतों की टीमें दिखाएंगी ज्ञान का दम

 

 

केबीसी की तर्ज पर एलईडी स्क्रीन पर होगा हाईटेक मुकाबला, विजेता टीमों को मिलेगा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहुंचने का मौका

 

  भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भारतीय संस्कृति, इतिहास और समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों के ज्ञान को परखने के लिए भीलवाड़ा में उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की बड़ी प्रतियोगिता आयोजित होने जा रही है। भारत विकास परिषद के राजस्थान मध्य प्रांत के तत्वावधान में 22 नवंबर को पुर रोड स्थित रीको एरिया के ब्रिज स्कूल परिसर में क्षेत्रीय स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें उत्तर-पश्चिम रीजन के सात प्रांतों से कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग की विजेता टीमें अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर शास्त्री नगर स्थित भारत विकास भवन में बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए गिरीश अग्रवाल ने बताया कि बैठक में प्रतियोगिता की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि शाखा एवं प्रांत स्तर पर प्रश्न-मंच प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के बाद अब क्षेत्रीय स्तर पर मुकाबला होगा। इसमें प्रत्येक टीम में दो-दो विद्यार्थी शामिल होंगे।

केबीसी की तर्ज पर होगा मुकाबला

 भैरु लाल अजमेरा ने बताया की प्रतियोगिता को रोचक और रोमांचक बनाने के लिए इसे लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर हाईटेक डिजिटल फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर होने वाले इस मुकाबले में विद्यार्थियों से रामायण, महाभारत, भारतीय संस्कृति, खेलकूद, राजनीति और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली चयनित टीमें राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर-पश्चिम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी।

20 नवंबर से शुरू होंगी व्यवस्थाएं

 आयोजन में शामिल होने के लिए विभिन्न प्रांतों से आने वाले प्रतिभागियों एवं अतिथियों के आवास, भोजन और यातायात की व्यवस्थाओं पर बैठक में विशेष चर्चा की गई। तय किया गया कि 20 नवंबर सुबह से ही व्यवस्था शुरू कर दी जाएंगी। कार्यकर्ताओं को मंच सज्जा, तकनीकी संचालन, एलईडी व्यवस्था, अतिथि सत्कार और पंजीकरण सहित विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए सभी दायित्व धारियों ने अपने सुझाव दिए।            

 

 

Uploaded Image